डेस्क: इस बार दिवाली का त्योहार रविवार, 8 नवंबर को मनाया जाएगा और इस दिन शेयर बाजार में स्पेशल मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन होगा। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बावजूद निवेशकों को शेयरों की खरीद-बिक्री का विशेष मौका मिलेगा।
भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को दिवाली बलिप्रतिपदा के अवसर पर छुट्टी रहेगी। इस दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स और अन्य निर्धारित सेगमेंट में कारोबार नहीं होगा। कमोडिटी बाजार के निर्धारित ट्रेडिंग शेड्यूल पर भी अवकाश लागू रहेगा। सोमवार 9 नवंबर को शेयर बाजार में सामान्य कारोबार होगा। इसके बाद बाजार 24 नवंबर को प्रकाश पर्व और 25 दिसंबर को क्रिसमस के त्योहार की वजह से बंद रहेगा।
शेयर बाजार का हाल
शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। निफ्टी 50 ने 25,000 का स्तर पार कर लिया, जबकि बीएसई सेंसेक्स 1,718 अंक की छलांग लगाकर बंद हुआ। कमजोर ग्लोबल मार्केट संकेतों के बावजूद घरेलू बाजार में तेजी बनी रही। विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ, जिससे बाजार को बड़ा सहारा मिला।


