मनोरंजन

”पार्टी एनिमल्स” में साकिब अयूब का दिखेगा मजेदार अंदाज, 20 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म

डेस्क: दोस्तों की हर टोली में एक ऐसा शख्स जरूर होता है, जो छोटी-सी बात को भी बड़े तमाशे में बदलने का हुनर रखता है। फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ में ऐसा ही दिलचस्प किरदार सोहेल है, जिसे अभिनेता साकिब अयूब निभा रहे हैं। अपने मजेदार वनलाइनर्स, बेबाक अंदाज और भावनाओं को खुलकर जाहिर करने की आदत के चलते सोहेल दोस्तों के बीच अलग पहचान बनाता है। कहानी में उसका किरदार हंसी-मजाक के साथ कई ऐसे पल लेकर आता है, जो दर्शकों को खूब मनोरंजन देने वाले हैं।

फिल्म की कहानी नए साल की शाम दोस्तों के एक ग्रुप के इर्द-गिर्द घूमती है। सभी मिलकर इस खास रात को यादगार बनाने की योजना बनाते हैं, लेकिन धीरे-धीरे उनके प्लान में प्यार, रिश्तों की उलझनें और कुछ गलत फैसले ऐसी परिस्थितियां पैदा कर देते हैं कि जश्न का माहौल पूरी तरह बदल जाता है। इस अफरा-तफरी के बीच सोहेल अपनी अजीबोगरीब प्रतिक्रियाओं, मजाकिया अंदाज और भावुक पक्ष से कहानी में नया रंग भरता है। वह उन लोगों में से है, जो सिर्फ किसी घटना का हिस्सा नहीं बनते, बल्कि अपनी मौजूदगी से पूरे माहौल को यादगार बना देते हैं।
ये कलाकार आएंगे नजर
‘पार्टी एनिमल्स’ का निर्देशन रवि छाबड़िया ने किया है। फिल्म का निर्माण विक्रम मेहरा और सिद्धार्थ आनंद कुमार ने यूडली फिल्म्स के बैनर तले किया है। इसमें विराज घेलानी मन्न पटेल और अर्जुन तंवर अरमान खन्ना की भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा प्रगति नागपाल, नकियाह हाजी, आलम खान, साकिब अयूब, कमलेश सावंत, अनिल चरंजीत, आरोन कौल, विजय पाटकर और मनोज जोशी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी अली हाजी, खुश मलिक और वीर पंचाल ने लिखी है। दोस्ती, जल्दबाजी में लिए गए फैसलों और लगातार बढ़ती उलझनों को मनोरंजक अंदाज में पेश करने वाली यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *