डेस्क: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने एक बड़ी कार्रवाई में राज्य भर के 114 प्रतिष्ठानों से लगभग 3.53 लाख किलोग्राम खाद्य उत्पाद जब्त किए हैं, जिनकी कीमत 9.01 करोड़ रुपये है। यह कदम त्योहारों के मौसम में विभाग द्वारा चलाए गए एक विशेष अभियान के तहत उठाया गया है।
पतंजलि का 2,279.7 लीटर गाय का घी भी जब्त
रिपोर्ट के अनुसार, FDA के आयुक्त तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में विभाग ने पतंजलि का 2,279.7 लीटर गाय का घी भी जब्त किया है, जिसकी कीमत 20.20 लाख रुपये है। मिलावट और गलत ब्रांडिंग के संदेह में, छत्रपति संभाजीनगर के सुंदरवाड़ी स्थित एक distributor के पास से यह घी जब्त किया गया। विभाग ने यह अभियान महाराष्ट्र के सभी सात डिवीजनों में चलाया।
जब्त की गई वस्तुओं में मसाले, खाद्य तेल, दालें, चावल, गुड़, गेहूं का आटा और बेसन, दूध से बने उत्पाद, नमकीन, मिठाइयां, सूखे मेवे (dry fruits), बेकरी उत्पाद और नूडल्स शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि सबसे बड़ी जब्ती भिवंडी स्थित ‘वेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड से हुई, जहां से अधिकारियों ने विभिन्न ब्रांडों के 1,44,218 किलोग्राम खाद्य तेल जब्त किए।
कोंकण में सबसे अधिक मूल्य का सामान जब्त हुआ
खास बात यह है कि कोंकण क्षेत्र में सबसे अधिक मूल्य का सामान जब्त किया गया। यहां 22 प्रतिष्ठानों से लगभग 1.67 लाख किलोग्राम खाद्य उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी कीमत 5.27 करोड़ रुपये है। इसी तरह, पुणे में 29 प्रतिष्ठानों से लगभग 66,709 किलोग्राम खाद्य उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी कीमत 1.47 करोड़ रुपये है। छत्रपति संभाजीनगर में 22 प्रतिष्ठानों से 33,679 किलोग्राम खाद्य उत्पाद जब्त किए गए, जिनकी कीमत 89.41 लाख रुपये है।
रिपोर्ट के अनुसार, नागपुर में भी 20 प्रतिष्ठानों से 37,414 किलोग्राम सामान जब्त किया गया, जिसकी कीमत 53.57 लाख रुपये है। होटलों और रेस्तरां में भी निरीक्षण किए गए नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर में 34 होटलों, रेस्तरां और ढाबों में निरीक्षण किए गए। इस दौरान साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी कमियों को लेकर कुल 29 सुधार नोटिस जारी किए गए।
19 पंजीकरण लाइसेंसों को निलंबित
विभाग ने 19 प्रतिष्ठानों के विभिन्न पंजीकरण लाइसेंसों को निलंबित कर दिया है या उन्हें निलंबित करने का आदेश दिया है। इनमें अमरावती, ग्रेटर मुंबई और छत्रपति संभाजीनगर में नमकीन बनाने वाली इकाइयां, मिठाइयों की दुकानें और मसाले बनाने वाली इकाइयां शामिल हैं।


