उत्तर प्रदेश

यूपी में चक्रवात अर्नब का कहर: आकाशीय बिजली गिरने से 65 वर्षीय महिला की मौत, स्कूल बंद

डेस्क: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हो रही बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से 65 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित है। अधिकारियों ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ ही जिला प्रशासन ने एहतियातन कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में शुक्रवार को शिक्षण कार्य बंद रखने का आदेश दिया है। पुलिस के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के भीमपुरा नंबर दो गांव में बृहस्पतिवार अपराह्न आकाशीय बिजली की चपेट में आने से रमावती देवी की मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अपने दरवाजे पर घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गईं और परिजन उन्हें बेहोशी की हालत में तत्काल नजदीकी चिकित्सक के पास ले गए, जहां जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। नगरा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच, जिले में बृहस्पतिवार सुबह से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। लगातार बरसात और तेज हवाओं से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

मौसम में बदलाव के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। वहीं, बारिश और तूफानी हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार बारिश और हवा के कारण 33 केवी तथा 11 केवी बिजली लाइनों में खराबी आने से विद्युत आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नरही कैथवली उपकेंद्र की 33 केवी लाइन, करसर उपकेंद्र के 11 केवी पुर फीडर और नगरा उपकेंद्र के 11 केवी ईस्ट फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई है। चक्रवात के प्रभाव और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को कक्षा एक से आठ तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद रखने का निर्णय लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *