डेस्क:उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। ओपी राजभर ने 30 वर्ष तक यूपी में भाजपा की सरकार बने रहने का दावा किया है। आईएएनएस से बातचीत करते हुए ओपी राजभर ने कहा, “तीसरी बार ही नहीं बल्कि 30 वर्ष तक लगातार शासन रहेगा। 2027 में 312 से अधिक सीटें आएंगी। अखिलेश यादव और राहुल गांधी गलतफहमी में हैं। जिस दिन काउंटिंग होगी, उनका सपना टूट जाएगा।” यूसीसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने सही कहा है।” अमित शाह के दौरे को लेकर अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए ओपी राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव को बोलने दिया जाए। चुनाव के बाद वे घूमने विदेश चले जाएंगे। अखिलेश यादव को पता है कि उनकी सरकार नहीं बनेगी।”
स्वास्थ्य व्यवस्था पर अखिलेश यादव के तंज कसने पर ओपी राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव जब मुख्यमंत्री थे तो बीमार होने पर कहां इलाज कराए थे? सरकारी अस्पताल में वे गए थे? इस वक्त प्रदेशभर के अस्पतालों की जो स्थिति है, सपा शासनकाल से 100 गुना बेहतर है। अगर अखिलेश यादव को न दिखाई दे तो अंबेडकरनगर में हम दिखा देंगे।”
ओपी राजभर ने कहा, “लखनऊ मेडिकल कॉलेज में 10 से 12 हजार प्रतिदिन ओपीडी हो रही है। छोटे अस्पतालों में 3-4 हजार लोगों की ओपीडी प्रतिदिन की जा रही है। इस पर अखिलेश यादव क्या बात करेंगे?”
स्वामी प्रसाद मौर्या से गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव के इनकार पर ओपी राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव की बात का कोई महत्व है? अभी 10 दिन पहले बोले थे कि जितने हमारे पुराने साथी थे, सभी लोग आ जाएं कोई दिक्कत नहीं है। ऐसे में स्वामी प्रसाद मौर्य तो उन्हीं की पार्टी से लड़े थे। आज कह रहे हैं नहीं और कल बोलेंगे आ जाओ फिर जरूरत आ गई।”
ओपी राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव ने अब तो ‘पीडीए’ की परिभाषा भी बदल दी है। अब ‘ए’ को अग्रहरी बना लिए हैं। अब ‘ए’ से अगड़ा या अल्पसंख्यक नहीं है।” उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव डूबती हुई नाव हैं। जिनको मरना हो, वो जाकर उनकी नाव पर बैठे। हमको अभी जीना है, इसलिए हम वहां नहीं जाएंगे।


