राष्ट्रीय

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पक्ष का ”जन महाभियोग” कार्यक्रम शनिवार तक के लिए स्थगित

डेस्क: चक्रवात ‘अर्नब’ और इसके कारण बने प्रतिकूल मौसम के हालात के मद्देनजर विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को प्रस्तावित सांकेतिक ”जन महाभियोग” कार्यक्रम शनिवार तक के लिए स्थगित कर दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

विपक्ष ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और ”वोट चोरी” के मुद्दे को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की थी। इसे शुक्रवार अपराह्न साढ़े तीन बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर आयोजित किया जाना था।
सूत्रों के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से विभिन्न हिस्सों में खराब मौसम और आवागमन से जुड़ी दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने का फैसला किया गया। कार्यक्रम की नयी तारीख के बारे में बाद में जानकारी दिए जाने की संभावना है। इससे पहले ‘इंडिया’ गठबंधन ने कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा तय कर ली थी।
लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार को ”जन महाभियोग” की कार्यवाही की अध्यक्षता करनी थी, जबकि खरगे को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ सांकेतिक ”महाभियोग प्रस्ताव” पेश करना था। गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों के प्रस्ताव पर अपनी बात रखने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का समापन भाषण निर्धारित था।
‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने बृहस्पतिवार को खरगे के आवास पर बैठक कर कार्यक्रम की कार्यवाही और विभिन्न दलों की भूमिका को अंतिम रूप दिया था। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को कहा था कि अन्य स्थानों पर आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के बाद ”जन महाभियोग” कार्यक्रम खरगे के आवास पर आयोजित किया जाएगा।
कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के अन्य घटक दल एसआईआर तथा मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर निर्वाचन आयोग पर लगातार निशाना साध रहे हैं। विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की भी मांग कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *