उत्तर प्रदेश

पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए 11 वर्षीय बेटे का पैर फिसला, बचाने गए पिता भी 23वीं मंजिल से गिरे, हुई मौत

डेस्क: उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में ग्रेटर नोएडा की ‘महागुन मायवुड्स सोसाइटी’ में शुक्रवार को एक आवासीय टावर की 23वीं मंजिल से गिरने से 40 वर्षीय व्यक्ति और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वे पूजा के लिए फूल तोड़ रहे थे। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र में हुई जिससे पूरी आवासीय सोसाइटी में हड़कंप मच गया और परिवार गहरे सदमे में है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार पिता रणदीप पात्रा (अमल कुमार पात्रा के बेटे) और उनका बेटा आरव, सुबह की पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए थे। इस दौरान बच्चा फिसल गया और बालकनी से नीचे गिर गया। पिता ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उनका भी संतुलन बिगड़ गया और वे भी 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को बिसरख थाने को पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (PRV) के जरिए सूचना मिली कि ‘महागुन मायवुड्स सोसाइटी’ के टावर 23 से दो लोग ऊंचाई से गिर गए हैं।
पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और देखा कि पिता और बेटा गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआती पूछताछ में मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर जाने के लिए निकली थीं। उनके जाने से पहले, उनके पति और बेटा सुबह की पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए थे।
शुरुआती जानकारी के अनुसार फूल तोड़ते समय बच्चा फिसल गया और बालकनी से लटक गया, जिसे बचाने के लिए पिता आगे बढ़े। इस दौरान पिता का भी संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर गए। पुलिस ने कहा कि विस्तृत जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *