डेस्क: त्रिपुरा के गोमती जिले में 26 अक्टूबर की रात ड्यूटी के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल को अपनी महिला सहकर्मी के साथ गाड़ी के अंदर अभद्रता की स्थिति में देखे जाने के प्रथम द्दष्टया सबूत मिलने के बाद गुरुवार को निलंबित कर दिया गया।
रिपोटर् के अनुसार, अमरपुर के अम्पी के पास ग्रामीणों ने काकराबन पुलिस स्टेशन के कांस्टेबल प्रियतोष रुद्रपॉल को एक महिला सहकर्मी के साथ गाड़ी के अंदर अभद्रता की स्थिति में पकड़ा। उन्हें पकड़ने वालों में कांस्टेबल की पत्नी भी शामिल थीं। ये दोनों अपनी ड्यूटी छोड़कर गाड़ी में घूम रहे थे। गोमती के पुलिस अधीक्षक अनिर्बान दास ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में प्रियतोष को निलंबित कर दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अम्पी के रहने वाले प्रियतोष की तैनाती उदयपुर के काकराबन पुलिस थाने में थी। सोमवार को काकराबन में रात्रि सेवा पर तैनात होने के बावजूद वह बिना अनुमति के वहां से निकल गया, महिला सहकर्मी को उसके स्टेशन से साथ लिया और एम्पी के आसपास गाड़ी घुमाता रहा।
स्थानीय लोगों ने दोनों को पहचान लिया, प्रियतोष का पैतृक घर और ससुराल, दोनों इसी इलाके में हैं। लोगों ने उन्हें सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी में पाया। सूचना मिलने के बाद, एम्पी पुलिस दोनों कांस्टेबलों को थाने ले गई। महिला पुलिस कर्मी को एक व्यक्तिगत बॉन्ड पर छोड़ दिया गया जबकि प्रियतोष को हिरासत में लिया गया और जिला पुलिस अधिकारियों को सूचित किया गया।
उसे निलंबित कर दिया गया लेकिन गिरफ्तार नहीं किया गया क्योंकि यह घटना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में नहीं आती थी। संबंधित महिला पुलिस कर्मी को कड़ी फटकार लगाई गई और चेतावनी दी गई।


