डेस्क:युवा आईटी प्रोफेशनल्स में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय आउटलाइन प्रीमियर लीग (ओपीएल) 2026 शनिवार को सेक्टर-23 में शुरू हुई। इस प्रतियोगिता में करीब 300 आईटी प्रोफेशनल्स हिस्सा ले रहे हैं और क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन तथा टेबल टेनिस में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेलों के शुरुआती मुकाबले खेले गए। क्रिकेट में नौ टीमें और फुटबॉल में चार टीमें चैंपियनशिप ट्रॉफी के लिए मुकाबला कर रही हैं। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले रविवार शाम को खेले जाएंगे। इस पहल के जरिए कर्मचारियों में टीम भावना, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले दिन क्रिकेट में ईकेयर टाइटंस ने स्पार्टन्स-11 को छह विकेट से हराया, जबकि डार्क नाइट्स ने अकाउंट ग्लैडिएटर्स को छह विकेट से शिकस्त दी। एक अन्य मुकाबले में द पनिशर्स ने छोटी काशी-11 को आठ विकेट से हराया, वहीं इनक्रेडिबल इलेवन्स ने फेडरल स्ट्राइकर्स पर आठ विकेट से जीत दर्ज की। फुटबॉल में अकाउंट्स की टीम ने पेनल्टी शूटआउट में फेडरल को 3-2 से हराया, जबकि ईकेयर ने ऑल स्टार्स को 2-1 से पराजित किया।


