बोले- मोदी सरकार में आधी आबादी को मिला सम्मान के साथ जीने का अधिकार
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सांसद ने महिलाओं को किया सम्मानित
दरभंगा (निशांत झा) : नारी आदिकाल से ही सम्मान और आदर के रूप में मानी जाती है। भारतीय संस्कृति में नारी आदिशक्ति के रूप में पूजनीय मानी गई है। शास्त्रों तथा वेद-पुराणों में स्पष्ट कहा गया है कि जहां नारी को सम्मान दिया जाता है, वहीं देवताओं का निवास होता है। इसलिए मातृ शक्तियों के सम्मान तथा आदर के लिए सदैव जागृत रहना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हम सभी को संकल्पित होना चाहिए कि अपने घर-परिवार तथा समाज में मातृ शक्तियों के सम्मान के लिए तत्पर रहना है। दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपालजी ठाकुर ने अपने संसदीय क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अपने उद्गार व्यक्त करते हुए उपरोक्त बातें कही।
सांसद डॉ. ठाकुर ने दरभंगा भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सपना भारती की अध्यक्षता में एमएलएसएम कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए महिला सशक्तीकरण पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि आधी आबादी के शिक्षित और जागृत हुए बगैर सुंदर परिवार तथा सभ्य समाज की कल्पना नहीं की जा सकती है। इस मौके पर सपना भारती के द्वारा सांसद डॉ. ठाकुर को पाग एवं अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया, जबकि महिला सशक्तीकरण पर कार्य करने वाली विजयश्री कमल के द्वारा सांसद डॉ. ठाकुर को ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ पुस्तक भेंट की गई।
वहीं, बेनीपुर में अयाची मिथिला महिला महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि आज केंद्र सरकार तथा पीएम मोदी जी की देन है कि आधी आबादी को सम्मान के साथ जीने का अधिकार मिला है। सांसद डॉ. ठाकुर ने महिलाओं के प्रति आदर-सम्मान तथा उनके अधिकारों के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं का सत्यनिष्ठा से सेवाभावना रखने का आह्वान किया।
सांसद डॉ. ठाकुर ने केंद्र सरकार की नारी शक्ति वंदन योजना, लखपति दीदी योजना, पीएम पोषण योजना, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जमकर सराहना करते हुए कहा कि आनेवाले समय में लोकसभा तथा विधानसभाओं में महिला आरक्षण के बदौलत महिलाओं को सत्ता शीर्ष पर पहुंचाया जाएगा। सांसद डॉ. ठाकुर ने भाजपा कार्यकर्ताओं का महिला सशक्तीकरण के लिए ईमानदारी से जागृत रहने का आह्वान किया।