अंतरराष्ट्रीय

आय से ज्यादा संपत्ति, करोड़ों का लेनदेन…बांग्लादेश के पूर्व एयर चीफ कतर में गिरफ्तार

डेस्क: बांग्लादेश के पूर्व एयर चीफ शेख अब्दुल हन्नान को कतर में गिरफ्तार किया गया है. उन पर आय से ज्यादा संपत्ति जुटाने और बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन का आरोप है. बांग्लादेश के एंटी-करप्शन कमीशन के मुताबिक, हन्नान के पास उनकी कमाई के ज्ञात स्रोतों से 3.28 करोड़ टका (करेंसी)से ज्यादा की संपत्ति मिली है. उनके छह निजी बैंक खातों से 27.63 करोड़ टका के संदिग्ध लेनदेन का भी पता चला है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कमीशन के उप निदेशक मोहम्मद अख्तरुल इस्लाम ने रविवार को बताया कि हन्नान को 15 अक्टूबर को कतर में हिरासत में लिया गया था. इंटरपोल के ईमेल से बांग्लादेश के अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली.
बांग्लादेश के एंटी-करप्शन कमीशन की जांच में हन्नान की पत्नी का नाम भी सामने आया है. उन पर पति की मदद से अपनी कमाई के ज्ञात स्रोतों से 1.91 करोड़ टका से ज्यादा की संपत्ति जुटाने का आरोप है. जांच में उनके नाम पर 32 बैंक खातों के जरिए 1.18 करोड़ टका के संदिग्ध लेनदेन का भी पता चला. कमीशन ने जुलाई 2025 में जांच के आधार पर हन्नान के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े कानूनों के तहत मामला चलाने की मंजूरी दी थी. इन मामलों में भ्रष्टाचार निरोधक आयोग कानून, मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून और भ्रष्टाचार रोकथाम कानून शामिल हैं.

कनाडा और दुबई तक फैली संपत्ति की जांच
आयोग के आरोपों के मुताबिक, हन्नान की विदेश में संपत्ति होने की बात सामने आई है. जांच एजेंसी ने कनाडा और दुबई में उनकी कथित संपत्तियों का पता लगाया है. साथ ही, तीन अलग-अलग देशों में उनके बच्चों के नाम पर संपत्तियां होने का भी आरोप है. इसके अलावा, मार्च में ढाका की एक अदालत ने आयोग की दो अलग-अलग अर्जियों पर हन्नान और उनकी पत्नी के आयकर रिकॉर्ड जब्त करने का आदेश दिया था. इससे पहले अदालत ने हन्नान के दो अपार्टमेंट जब्त करने के साथ उनके बैंक खाते फ्रीज करने का भी आदेश दिया था. आयोग का कहना है कि हन्नान के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मामले दर्ज थे. उनके विदेश जाने पर रोक भी लगी हुई थी, इसके बावजूद वह बांग्लादेश से बाहर चले गए.
2021 में बने थे एयर चीफ
शेख अब्दुल हन्नान ने 1984 में बांग्लादेश वायुसेना में पायलट के रूप में अपना करियर शुरू किया था. वह 12 जून 2021 को वायुसेना के 16वें प्रमुख बने. उनका कार्यकाल 11 जून 2024 को खत्म हुआ. हन्नान की नियुक्ति शेख हसीना की अवामी लीग सरकार के दौरान हुई थी. बांग्लादेश के पूर्व नौसेना प्रमुख एडमिरल मोहम्मद नजमुल हसन पर भी भ्रष्टाचार से जुड़े मामले होने की खबरें सामने आई हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *