नई दिल्ली

पहले जीता भरोसा और फिर की ठगी, जमीन में दफन पुश्तैनी सोना निकालने का झांसा देकर बुजुर्ग से 15 लाख लूटे, ऐसे रचा खेल

डेस्क: दिल्ली में शाहदरा पुलिस ने जमीन में दफन पुश्तैनी सोना निकालने के बहाने 79 वर्षीय बुजुर्ग से ठगी करने और उनके घर से करीब 15 लाख रुपए के सोने के गहने चोरी करने के आरोप में एक फर्जी तांत्रिक और उसके दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी तहसीन उर्फ कृष्णा शर्मा उर्फ कृष्णा पंडित (48), मयूर विहार निवासी शोएब अली (40) और पश्चिम बंगाल के रहने वाले महाकादर खान (48) के रूप में हुई है। शाहदरा के पुलिस उपायुक्त (DSP) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सीमापुरी थाने में यह मामला पीड़ित गिरिजेश सिंह (79) की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शोएब अली और महाकादर खान ने उन्हें एक तांत्रिक से मिलवाया तथा आरोपियों ने असली सोने का सिक्का दिखाकर उनका विश्वास जीता और फिर अनुष्ठान के नाम पर उनसे नकद एवं UPI के जरिए करीब 39 हजार रुपए ले लिए। DSP ने बताया कि इसके बाद चार अगस्त की रात आरोपियों ने बुजुर्ग के घर पर मिट्टी के बर्तनों और नकली सोने के बिस्कुटों का इस्तेमाल कर अनुष्ठान करने का नाटक किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान आरोपियों ने बुजुर्ग को कोई नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गए और होश आने पर उन्हें अपनी अलमारी से करीब 15 लाख रुपए के सोने के जेवर गायब मिले।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मुख्य आरोपी तहसीन को मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया गया। वह ‘कृष्णा शर्मा’ नाम से फर्जी पहचान पत्र का इस्तेमाल कर खुद को तांत्रिक बताता था। उसने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर 2,73,000 रुपए नकद, एक कार, तांत्रिक की पोशाक, 11 अंगूठी, दो आधार कार्ड (तहसीन और कृष्णा शर्मा के नाम पर), एक पैन कार्ड, एक एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *