डेस्क: बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार देर रात गंगा नदी में करीब 20 लोगों को ले जा रही एक नाव पलट जाने से 13 बच्चों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोगों को रातभर चले बचाव अभियान के दौरान सुरक्षित बचा लिया गया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि हादसे में मारे गए सभी लोग रामपुर श्यामचंद गांव के रहने वाले थे और एक भोज में शामिल होने के लिए पास के गांव जा रहे थे। जिलाधिकारी ने फोन पर बताया, “हमने 13 शव बरामद किए हैं। सभी मृतक 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे हैं। चार नाबालिग समेत छह अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।” उन्होंने कहा कि नाव पर सवार लोगों की संख्या का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार नाव पर करीब 20 लोग सवार थे।
शव बरामद होने के बाद किसी ने भी प्रशासन से लापता व्यक्ति की शिकायत नहीं की है। मृतकों में नौ लड़कियां शामिल हैं। इनमें तीन सगी बहनें थीं, जिनकी उम्र 10 से 13 वर्ष के बीच थी। ग्रामीणों ने यात्रा के लिए निजी नाव किराए पर ली थी, लेकिन इतनी रात में बच्चों को जोखिम भरी यात्रा करने से नहीं रोक पाने के मामले में राघोपुर के थाना प्रभारी और संबंधित अंचल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।


