द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों को मतपेटिका के संचालन,निर्वाचन प्रक्रिया एवं दायित्वों के सम्यक निर्वहन की दी गई जानकारी
दरभंगा, 13 अक्टूबर 2026:-बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रेक्षागृह, दरभंगा में द्वितीय मतदान पदाधिकारी एवं तृतीय मतदान पदाधिकारी के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों द्वारा मतदान कर्मियों एवं पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान पदाधिकारियों को सामान्य निर्वाचन प्रक्रिया, मतपेटिका के समुचित संचालन, मतदान के दौरान अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं तथा अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रभावी निर्वहन के संबंध में विस्तारपूर्वक बताया गया।
मास्टर ट्रेनरों ने मतदान की प्रत्येक प्रक्रिया का सावधानीपूर्वक अनुपालन करने तथा निर्वाचन से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
प्रशिक्षण के क्रम में मतदान कर्मियों को मतदान प्रक्रिया के दौरान सतर्कता बरतने, मतदाताओं के साथ निर्धारित नियमों के अनुरूप व्यवहार करने तथा मतदान की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सभी मतदान पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति पूर्ण रूप से दक्ष बनाना तथा यह सुनिश्चित करना कि बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन के दौरान मतदान की प्रक्रिया सुचारु, व्यवस्थित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं मतदान कर्मी उपस्थित थे।


