डेस्क: त्योहारी सेल का समय भारतीय परिवारों के लिए लंबे समय से खरीदारी की बड़ी योजना बनाने का मौका रहा है और इसी बीच फ्लिपकार्ट की ‘बिग बिलियन डेज’ (टीबीबीडी) की शुरुआत में भी मोबाइल फोन, बड़े घरेलू उपकरणों और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की जबरदस्त मांग देखी गई।
कंपनी के मुताबिक, सेल के पहले घंटे में एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन की मजबूत मांग के बीच बड़े घरेलू उपकरणों की बिक्री में सालाना आधार पर 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई। टैबलेट की बिक्री में भी 73 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। मोबाइल में प्रीमियम और फ्लैगशिप स्मार्टफोन ग्राहकों की पसंद बने रहे। हर चार में से एक ग्राहक ने पुराना उत्पाद बदलने की सुविधा का विकल्प चुना, जबकि हर तीन में से एक ग्राहक ने बिना ब्याज वाली ईएमआई के जरिए खरीदारी की। पिछले साल की कीमतों पर उपलब्ध शुरुआती श्रेणी के 5जी स्मार्टफोन की भी अच्छी मांग रही।
त्योहारों के दौरान बैंक ऑफर, पुराने फोन के बदले मिलने वाली छूट और किस्तों में भुगतान की सुविधा ग्राहकों को महंगे उत्पाद खरीदने के लिए प्रोत्साहित करती है। फ्लिपकार्ट की त्वरित वाणिज्य सेवा ‘फ्लिपकार्ट मिनट्स’ पर सेल के पहले घंटे में ऑर्डर सामान्य दिनों के मुकाबले 3.5 गुना हो गए। इस सेवा से जुड़ने वाले नए ग्राहकों की संख्या 11 गुना बढ़ी। मिनट्स पर लैपटॉप और बाहरी हार्ड ड्राइव की भी अच्छी मांग रही। फ्लिपकार्ट की इस सेल का 13वां संस्करण आठ अक्टूबर को फ्लिपकार्ट प्लस, ब्लैक और सह-ब्रांडेड कार्डधारकों के लिए अर्ली एक्सेस के साथ शुरू हुआ।


