अन्य

रश्मिका, कृति या सारा, Swadesh Event में सजधजकर पहुंचीं हसीनाएं, हर एक का ट्रेडिशनल लुक रहा खास

डेस्क:  नवरात्रि का त्योहार करीब हो और फैशन की बात न हो, ऐसा कैसे हो सकता है! इन दिनों बॉलीवुड हसीनाएं भी अपने देसी अंदाज से लोगों का ध्यान खींच रही हैं। हाल ही में नीता अंबानी के प्रोजेक्ट स्वदेश के एक साल पूरे होने के मौके पर खास इवेंट का आयोजन किया गया। इस दौरान अंबानी परिवार के सदस्यों के साथ बॉलीवुड की कई जानी-मानी अभिनेत्रियां भी पहुंचीं। किसी ने साड़ी में अपनी सादगी से दिल जीता, तो किसी का लहंगा और कुर्ता सेट त्योहारों के लिए परफेक्ट इंस्पिरेशन बन गया। इस इवेंट में रश्मिका मंदाना, कृति सेनन, अदिति राव हैदरी, सारा अली खान और शनाया कपूर जैसे सितारों के ट्रेडिशनल लुक देखने को मिले। सभी ने अपने अंदाज में देसी फैशन को खास बनाया। अगर आप भी नवरात्रि या किसी शादी-पार्टी के लिए एथनिक आउटफिट तलाश रही हैं, तो इन अभिनेत्रियों के लुक से आइडिया ले सकती हैं।

रश्मिका मंदाना की बांधनी साड़ी ने खींचा ध्यान
रश्मिका मंदाना अपने सिंपल और एलिगेंट अंदाज के लिए जानी जाती हैं। स्वदेश इवेंट में भी उनका लुक कुछ ऐसा ही नजर आया। उन्होंने गहरे पर्पल रंग की बांधनी डिजाइन वाली साड़ी पहनी, जिसमें गोल्डन जरी का चौड़ा बॉर्डर बेहद खूबसूरत लग रहा था। साड़ी के साथ उन्होंने मैचिंग ब्लाउज कैरी किया, जिसकी हाफ स्लीव्स और प्रिंसेज कट नेकलाइन ने पूरे लुक को खास बना दिया। रश्मिका ने अपने आउटफिट को गोल्डन ईयररिंग्स और कुंदन के कंगनों के साथ स्टाइल किया। उनके लुक में ज्यादा एक्सपेरिमेंट नहीं था, लेकिन साड़ी का रंग, बॉर्डर और ज्वेलरी मिलकर उन्हें शानदार ट्रेडिशनल लुक दे रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, रश्मिका की इस साड़ी की कीमत करीब 2.55 लाख रुपये बताई गई है। अगर आप नवरात्रि में साड़ी पहनना चाहती हैं, तो गहरे रंग की बांधनी साड़ी के साथ गोल्डन ज्वेलरी का कॉम्बिनेशन ट्राई कर सकती हैं।
कृति सेनन के लुक में दिखीं नवरात्रि वाली वाइब्स
कृति सेनन का अंदाज इस इवेंट में थोड़ा अलग और त्योहारों के लिए एकदम परफेक्ट नजर आया। उन्होंने कॉपर-गोल्ड शेड का शॉर्ट कुर्ता पहना, जिसे पर्पल पैंट के साथ पेयर किया गया था। इस कुर्ता सेट की सबसे खास बात था इसके साथ कैरी किया गया हैवी मिरर वर्क वाला दुपट्टा। दुपट्टे पर हुई चमकदार कारीगरी ने पूरे आउटफिट को आकर्षक बना दिया। कृति ने इस लुक के साथ मोजरी और मैचिंग गोल्डन हैंडपर्स कैरी किया। माथे पर लगी छोटी-सी गोल लाल बिंदी ने उनके देसी अंदाज में चार चांद लगा दिए। कृति का यह लुक उन महिलाओं के लिए अच्छा विकल्प है, जो नवरात्रि में साड़ी या लहंगे के बजाय कुर्ता सेट पहनना पसंद करती हैं। मिरर वर्क वाला दुपट्टा साधारण कुर्ते को भी फेस्टिव लुक दे सकता है।

अदिति राव हैदरी का ब्लैक लहंगा लगा बेहद रॉयल
अदिति राव हैदरी का ट्रेडिशनल स्टाइल हमेशा से खास रहा है। स्वदेश इवेंट के लिए उन्होंने ब्लैक रंग का लहंगा चुना, जिसे देखकर कई फैंस को उनका मशहूर ‘बिब्बोजान’ वाला अंदाज याद आ सकता है। अदिति ने राउंड नेकलाइन और हाफ स्लीव्स वाला ब्लाउज पहना, जिसके साथ मैचिंग फ्लेयर्ड स्कर्ट को पेयर किया गया था। स्कर्ट पर बने गोल्डन बूटे आउटफिट को खूबसूरत बना रहे थे। वहीं, डल गोल्ड एंब्रॉयडरी वाले दुपट्टे ने उनके पूरे लुक में रॉयल टच जोड़ दिया। ज्वेलरी की बात करें तो अदिति ने लंबे और हैवी ईयररिंग्स चुने, जिससे आउटफिट की खूबसूरती और निखरकर सामने आई। स्लीक हाई बन और माथे पर छोटी-सी काली बिंदी ने उनके लुक को पूरा किया। अगर आप किसी फंक्शन में क्लासी और रॉयल दिखना चाहती हैं, तो ब्लैक और गोल्ड का यह कॉम्बिनेशन ट्राई कर सकती हैं।
सारा अली खान के पर्पल लहंगे ने बटोरी तारीफें
सारा अली खान भी स्वदेश इवेंट में अपने ट्रेडिशनल लुक को लेकर चर्चा में रहीं। वह डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के साथ पोज देती नजर आईं। इस मौके पर उन्होंने पर्पल शेड का मिरर वर्क वाला लहंगा पहना था।
उनके आउटफिट में हॉल्टर नेक और बैकलेस ब्लाउज खास नजर आया। इसके साथ उन्होंने ए-लाइन स्कर्ट स्टाइल लहंगा पहना, जिस पर मिरर वर्क की चमक दिखाई दे रही थी। सारा ने अपने लुक को ज्यादा भारी नहीं बनाया। उन्होंने पर्पल स्टड ईयररिंग्स पहने और बालों को स्लीक बन में बांधा। इस तरह उनका आउटफिट ही पूरे लुक की खासियत बना रहा। अगर आप गरबा नाइट या किसी फेस्टिव पार्टी के लिए कुछ स्टाइलिश पहनना चाहती हैं, तो सारा का पर्पल लहंगा अच्छा फैशन आइडिया हो सकता है।
शनाया कपूर का गोल्डन अनारकली लुक भी रहा खास
शनाया कपूर ने स्वदेश इवेंट के लिए गोल्डन रंग का अनारकली कुर्ता चुना। उनके आउटफिट पर बना कॉपर जरी का हैवी बॉर्डर खास नजर आया, जिसने कुर्ते को फेस्टिव लुक दिया। कुर्ते की राउंड नेकलाइन और हाफ स्लीव्स के साथ शनाया ने अपने स्टाइल को सिंपल रखा। उन्होंने आउटफिट को ज्यादा एक्सेसरीज से नहीं सजाया, जिससे गोल्डन रंग और जरी का काम साफ तौर पर उभरकर सामने आया। शनाया का यह लुक उन लोगों के लिए बढ़िया विकल्प है, जो त्योहारों पर हैवी लहंगे के बजाय आरामदायक और खूबसूरत अनारकली पहनना चाहते हैं। गोल्डन अनारकली को हल्की ज्वेलरी और पारंपरिक फुटवियर के साथ स्टाइल करके एक शानदार एथनिक लुक पाया जा सकता है।
नवरात्रि के लिए इन बॉलीवुड लुक्स से लें इंस्पिरेशन
स्वदेश इवेंट में सभी अभिनेत्रियों ने अपने-अपने अंदाज में ट्रेडिशनल फैशन को खास बनाया। रश्मिका मंदाना की बांधनी साड़ी सादगी पसंद करने वालों के लिए बढ़िया है, तो कृति सेनन का मिरर वर्क वाला कुर्ता सेट गरबा और नवरात्रि के लिए आकर्षक विकल्प है। अदिति राव हैदरी का ब्लैक लहंगा रॉयल लुक देता है, जबकि सारा अली खान का पर्पल लहंगा और शनाया कपूर का गोल्डन अनारकली फेस्टिव स्टाइल के लिए अच्छे आइडिया हैं।
इस नवरात्रि आप भी अपनी पसंद, सुविधा और बजट के हिसाब से इनमें से किसी लुक से प्रेरणा ले सकती हैं। जरूरी नहीं कि किसी अभिनेत्री के पूरे आउटफिट को ही कॉपी किया जाए। अपने पास मौजूद साड़ी, कुर्ते या लहंगे को सही ज्वेलरी, दुपट्टे और फुटवियर के साथ स्टाइल करके भी खूबसूरत देसी लुक पाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *