अंतरराष्ट्रीय

इटली में सबसे फेमस व महंगी वाइन की चोरी, चोर दो ट्रकों में भर ले गए 30 हजार बोतलें, कीमत इतनी ज्यादा कि…

डेस्क: इटली के टस्कनी क्षेत्र में मशहूर वाइन कंपनी मार्केसे एंटिनोरी के गोदाम में बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। चोर करीब 30 हजार बोतल प्रीमियम रेड वाइन चुराकर ले गए। चोरी हुए माल की कीमत लगभग 50 लाख यूरो यानी करीब 55 करोड़ रुपये आंकी गई है। कंपनी के एक प्रतिनिधि ने इसे इटली के इतिहास की सबसे बड़ी वाइन चोरी बताया है।  रॉयटर्स और एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, चोरी पिछले सप्ताहांत कॉर्टोना स्थित कंपनी के गोदाम में हुई। सोमवार सुबह एक कर्मचारी के गोदाम पहुंचने पर चोरी का खुलासा हुआ। निगरानी कैमरों की तस्वीरों में सात नकाबपोश चोर दिखाई दिए। बताया गया कि उन्होंने सबसे पहले सुरक्षा अलार्म बंद किया और फिर वाइन की पेटियां दो ट्रकों में लादकर फरार हो गए।

यह कंपनी का सबसे बड़ा गोदाम था। यहां से दुनिया के अलग-अलग देशों में भेजने के लिए वाइन की बोतलें पैक करके रखी गई थीं। माल रवाना होने से पहले ही चोर उसे लेकर निकल गए। चोरों ने कंपनी के तीन प्रमुख ब्रांड की वाइन चुराई। इनमें टिग्नानेलो (Tignanello), सोलाया (Solaia), आदो अल तासो (Guado al Tasso) शामिल हैं।  रिपोर्ट के मुताबिक, इन बोतलों की कीमत लगभग 120 से 130 यूरो प्रति बोतल बताई गई है। अकेले सोलाया ब्रांड की ही करीब 8,000 से 10,000 बोतलें चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इन वाइन को महंगे और प्रीमियम उत्पादों में गिना जाता है। इनकी मांग अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी है, जिससे चोरी हुए माल को बेचने की कोशिश जांचकर्ताओं के लिए एक अहम पहलू बन सकती है।

मार्केसे एंटिनोरी का इतिहास वर्ष 1385 से जुड़ा है। कंपनी ने अपने अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों को सतर्क करते हुए कहा है कि वे अनधिकृत स्थानों से वाइन न खरीदें। इस चेतावनी का उद्देश्य चोरी की बोतलों की संभावित बिक्री पर नजर रखना और ग्राहकों को संदिग्ध माल खरीदने से बचाना है। इटली में वाइन गोदामों को निशाना बनाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई में मोंटाल्चिनो की बानफी वाइनरी में चोरी हुई थी। इसके बाद सितंबर में उत्तरी पीडमोंट क्षेत्र से बैरोलो वाइन की करीब 3,000 बोतलें चोरी होने की खबर आई थी। पुलिस इस मामले में निगरानी कैमरों की तस्वीरों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *