डेस्क: उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के कबरई क्षेत्र में साढ़े 3 साल की मासूम बालिका के साथ बलात्कार का मामला प्रकाश में आया है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने गुरुवार को बताया कि कबरई के एक गांव मे बीती देर शाम हुई इस घटना के दौरान उक्त बालिका झोपडी में अकेली थी। उसके माता पिता निकट में ही स्थित खेत में काम कर रहे थे। आरोप है कि तभी गांव का निवासी 25 वर्षीय युवक दबे पांव झोपडी में पहुंचा और बालिका के मुंह को हाथों से बंद करके उसके साथ बलात्कार किया। दर्द से छटपटाती हुई बालिका के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर उसके माता पिता और पास के खेतों में काम कर रहे किसान जब झोपड़ी की ओर दौड़े तो आरोपी बालिका को छोड़ भाग निकला।
उन्होंने बताया कि लहूलुहान हालत में पड़ी बालिका को माता पिता इलाज के लिए अस्पताल ले गए। इस बीच पीआरबी के माध्यम से मिली सूचना पर पुलिस ने भी तत्काल मौके पर पहुंच हालात का जायजा लिया। उधर मामले की खबर पाकर मुख्यालय से पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस ने मामले में आनन फानन मे कार्यवाही करते हुए आरोपी युवक को फरार होने से पहले गिरफ्तार कर लिया है। बालिका को आवश्यक उपचार प्रदान कराते हुए प्रकरण मे विधिक कार्रवाई की जा रही है।


