उत्तर प्रदेश

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: लखनऊ से लौट रहे 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत, कार के उड़े परखच्चे

डेस्क: सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार की सुबह तेज रफ्तार से जा रही एक कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना धनपतगंज थाना क्षेत्र के सुखबडेरी के पास सुबह करीब साढ़े 5 बजे हुई। कार में 6 लोग सवार थे और सभी स्थानीय टेनिस खिलाड़ी थे। वे लखनऊ में खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा होने की बात सामने आई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी बल्दीराय प्रभात सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार, थानाध्यक्ष बल्दीराय महेंद्र प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष धनपतगंज अंजू मिश्रा और यूपीडा के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कार का दरवाजा तोड़कर उसमें फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। उन्हें एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 3 लोगों को बेहतर इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और भागलपुर निवासी अनिकेत (24) के रूप में हुई है। घायलों में आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं। घायल टेनिस खिलाड़ी जयंतो शर्मा ने बताया कि सभी लोग लखनऊ में खेलने के बाद देवरिया लौट रहे थे। यात्रा के दौरान कार में सभी लोग सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर की आवाज से उनकी नींद खुली। उन्होंने बताया कि कार ट्रक में बुरी तरह घुसी हुई थी और उनके साथी खून से लथपथ थे। राहगीरों ने कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *