उत्तर प्रदेश

संगम नगरी प्रयागराज में गंगा पर बन रहा यूपी का सबसे लंबा सिक्स लेन पुल, शहर की तस्वीर बदलेगी तस्वीर, ट्रैफिक की समस्या होगी कम

डेस्क: संगम नगरी प्रयागराज में गंगा नदी पर बन रहा नया सिक्स लेन पुल शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। फाफामऊ के पास तैयार हो रहा यह एक्स्ट्रा डोज्ड केबल-स्टे ब्रिज आधुनिक तकनीक से बनाया जा रहा है। करीब 9.8 से 9.9 किलोमीटर लंबे पूरे प्रोजेक्ट में मुख्य गंगा पुल की लंबाई लगभग 3.84 किलोमीटर है।

कलश चौराहा और स्टेनली रोड से मलाक हरहर तक बन रहे इस प्रोजेक्ट पर करीब 1,947 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य फरवरी 2021 में शुरू हुआ था और पुल के लिए कुल 67 पिलर बनाए गए हैं। अब इसे यातायात के लिए खोलने की तैयारी चल रही है। नवंबर 2026 से एक लेन पर वाहनों की आवाजाही शुरू करने का लक्ष्य है, जबकि 15 दिसंबर 2026 से दोनों लेन चालू करने की योजना बताई गई है।

पुल शुरू होने के बाद फाफामऊ और तेलियरगंज क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। लखनऊ, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और अयोध्या की ओर से प्रयागराज आने-जाने वाले लोगों को भी इससे सुविधा मिलेगी। 2027 के माघ मेले में लखनऊ और अयोध्या से आने वाली बसों को नए पुल के रास्ते शहर में लाने की योजना भी बताई जा रही है। पुल पर सेल्फी प्वाइंट और साउंड प्रूफ बॉक्स जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में यह पुल यातायात सुविधा के साथ प्रयागराज की कनेक्टिविटी और आकर्षण को भी नया आयाम दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *