डेस्क: दिल्ली में महिलाओं को लिए मुफ्त बस यात्रा के लिए सरकार ने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ की व्यवस्था शुरू कर दी है। जिसका उद्देश्य महिलाओं को DTC बसों में मुफ्त सफर को आसान और डिजिटल बनाना है।
सरकार के मुताबिक, अब तक 19 लाख 5 हजार 889 पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाए जा चुके हैं। पात्र महिलाओं के लिए कार्ड बनाने की प्रक्रिया अभी भी जारी है। सरकार का कहना है कि जब तक सभी पात्र महिलाएं इस सुविधा से जुड़ नहीं जातीं, तब तक कार्ड जारी करने का काम चलता रहेगा।
पिंक टिकट की जगह स्मार्ट कार्ड व्यवस्था
स्मार्ट कार्ड व्यवस्था को लागू करने से पहले महिलाओं को मुफ्त यात्रा के लिए पिंक टिकट दिए जाते थे। नई व्यवस्था में बदलाव के लिए सरकार ने पिंक टिकट की सुविधा को 30 सितंबर तक जारी रखा था, ताकि महिलाओं को स्मार्ट कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन कराने और कार्ड प्राप्त करने का पर्याप्त समय मिल सके।
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि स्मार्ट कार्ड व्यवस्था में बदलाव के दौरान महिलाओं को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए अलग-अलग इलाकों में विशेष कैंप और सुविधा केंद्र भी बनाए गए हैं।
38 केंद्रों पर बन रहे कार्ड
महिलाओं की सुविधा के लिए दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में 38 DTC पिंक पास वितरण केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों के जरिए दक्षिण, उत्तर, पूर्व और पश्चिम दिल्ली की महिलाओं को कार्ड बनवाने की सुविधा मिल रही है। दक्षिण दिल्ली में नेहरू प्लेस, सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, हौज खास, साउथ कैंपस, जामिया, JNU और महरौली में केंद्र बनाए गए हैं।
उत्तर दिल्ली में BBM डिपो, वजीरपुर, आजादपुर, रोहिणी सेक्टर-22, कंझावला, नरेला, बवाना, नॉर्थ कैंपस, मंगोलपुरी और रोहिणी डिपो में कार्ड बनाए जा रहे हैं। पूर्वी दिल्ली में बुराड़ी डिपो, कश्मीरी गेट, नंद नगरी, दिल्ली गेट, करावल नगर टर्मिनल, शाहदरा, सीमापुरी, SC हाउस, झील और हसनपुर में केंद्र उपलब्ध हैं। वहीं पश्चिमी दिल्ली में उत्तम नगर, शादीपुर, दिचाऊ कलां, पीरागढ़ी, द्वारका सेक्टर-2, हरि नगर-1, पंजाबी बाग, सुल्तानपुरी, घुम्मनहेड़ा डिपो-1 और बिंदापुर टर्मिनल पर कार्ड बनवाए जा सकते हैं।
AC और नॉन-AC बसों में मुफ्त सफर
‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) पर आधारित है। इसके जरिए पात्र महिलाओं को DTC की AC और नॉन-AC दोनों बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा दिल्ली में रहने वाले ट्रांसजेंडर लोगों के लिए भी उपलब्ध है।
कई इलाकों में लगाए जा रहे विशेष कैंप
सरकार ने निर्धारित केंद्रों के अलावा कई इलाकों में विशेष कैंप भी लगाए हैं, ताकि महिलाओं को कार्ड बनवाने के लिए दूर न जाना पड़े। इन कैंपों के जरिए रजिस्ट्रेशन और कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को आसान बनाने की कोशिश की जा रही है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह है कि सभी पात्र महिलाओं को मुफ्त सार्वजनिक परिवहन की सुविधा लगातार मिलती रहे। उन्होंने बताया कि 19 लाख से अधिक कार्ड बनना इस योजना को महिलाओं की ओर से मिले बड़े रिस्पॉन्स को दर्शाता है।
दिल्ली सरकार ने उन सभी पात्र महिलाओं से कार्ड बनवाने की अपील की है, जिन्होंने अभी तक ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ नहीं लिया है। ऐसी महिलाएं अपने नजदीकी वितरण केंद्र या विशेष कैंप में जाकर कार्ड बनवाने की प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं।


