अन्य

Zomato फाउंडर दीपिंदर गोयल का अनोखा गैजेट, माथे पर चिपकाकर नहाने से लेकर स्विमिंग तक कर सकेंगे, जानिए खासियत

डेस्क: टेक्नोलॉजी (Technology)की दुनिया में अब एक ऐसा डिवाइस (Device)चर्चा में है जिसे देखकर पहली नजर में शायद आपको यकीन न हो कि यह कोई गैजेट है। Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल (Founder Deepinder Goyal)की कंपनी की ओर से तैयार किया गया Temple नाम का यह डिवाइस माथे पर चिपकाकर इस्तेमाल किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह डिवाइस जल्द ही बाजार में आ सकता है और इसका प्री ऑर्डर आने वाले कुछ समय में शुरू होने की उम्मीद है। इसकी संभावित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है हालांकि कंपनी की ओर से कीमत को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Temple को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं क्योंकि यह सामान्य स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड की तरह दिखाई नहीं देता। दीपिंदर गोयल ने सोशल मीडिया पर यूजर्स के सवालों का जवाब देते हुए इस डिवाइस से जुड़ी कई अहम जानकारियां साझा की हैं। उन्होंने बताया कि Temple को त्वचा पर चिपकाकर इस्तेमाल किया जाएगा और इसके लिए खास तरह का ग्रिप या टेप दिया जाएगा। कंपनी के मुताबिक इसकी सप्लाई डिवाइस के साथ लगातार उपलब्ध कराई जाएगी और इसकी कीमत डिवाइस की कीमत में शामिल होगी।
गोयल ने बताया कि इस डिवाइस के लिए मजबूत ग्रिप तैयार करना भी अपने आप में बड़ी चुनौती रही है। कंपनी ने इस पर काफी काम किया है और अब इसे ज्यादातर यूजर्स के लिए उपयुक्त बनाया जा चुका है। उनका कहना है कि माथे पर Temple लगाए जाने के बाद यूजर को इसे पहनने में असहज महसूस नहीं होना चाहिए। डिवाइस को इस तरह डिजाइन किया गया है कि सामान्य गतिविधियों के दौरान यह अपनी जगह से आसानी से न हटे।
खास बात यह है कि Temple को लगाकर यूजर दौड़ सकता है एक्सरसाइज कर सकता है और यहां तक कि कूद भी सकता है। दीपिंदर गोयल ने इसे सुपर स्टिकी बताया है। यानी माथे के किनारे लगाए जाने के बाद भी यह अपनी जगह पर मजबूती से चिपका रहेगा। कपड़े बदलने जैसी रोजमर्रा की गतिविधियों के दौरान भी इसके गिरने की संभावना को कम करने के लिए इसके किनारों को मजबूत बनाया गया है।
Temple को लेकर एक और दिलचस्प जानकारी यह है कि इसे पहनकर नहाया और स्विमिंग भी की जा सकती है। इसके अलावा सॉना के दौरान भी इसे इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि स्कूबा डाइविंग के लिए इसे इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी। डिवाइस के साथ इस्तेमाल होने वाला ग्रिप दोबारा उपयोग नहीं किया जा सकेगा। हर बार नया ग्रिप लगाना होगा।
अब सवाल यह है कि आखिर Temple का असली काम क्या है। दीपिंदर गोयल के मुताबिक इसका मुख्य फोकस सिर्फ डिजाइन या लुक नहीं है बल्कि यह हेल्थ टेक्नोलॉजी पर आधारित डिवाइस है। Temple ब्रेन फ्लो नाम के सिस्टम के जरिए दिमाग में ब्लड फ्लो को मॉनिटर करने पर केंद्रित है। यही वजह है कि इसे सामान्य वियरेबल गैजेट से अलग माना जा रहा है।

डिवाइस को कई रंगों में पेश किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इनमें ट्रू गोल्ड रोज गोल्ड ब्लैक मिरर रियल जेड डीप ब्लू और पर्पल फंक जैसे विकल्प शामिल बताए जा रहे हैं। संभावित कीमत करीब 1 लाख रुपये होने की चर्चा के कारण यह प्रीमियम टेक्नोलॉजी डिवाइस की श्रेणी में आ सकता है। हालांकि कीमत और लॉन्च से जुड़ी अंतिम जानकारी के लिए कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा। फिलहाल Temple अपने अनोखे डिजाइन और हेल्थ टेक्नोलॉजी के कारण टेक जगत में खासा ध्यान खींच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *