करनाल खेल जिला नारी न्यूज वॉच मैगजीन प्रादेशिक मनोरंजन राष्ट्रीय रोजगार साहित्य स्थानीय हरियाणा

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में महिलाओं व बच्चों को दी योजनाओं और पोषण संबंधी जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के तहत बूढ़ाखेड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित

महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में महिलाओं व बच्चों को दी योजनाओं और पोषण संबंधी जानकारी

करनाल, 3 अक्तूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को बूढ़ाखेड़ा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महापौर रेणु बाला गुप्ता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर ने रिबन काटकर किया। इसके उपरांत उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बच्चों की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां महिलाओं एवं उपस्थित समुदाय के साथ साझा की गईं। विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही गोद भराई व कुआ पूजन का भी आयोजन किया गया।

इस अवसर पर महापौर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि आंगन मिलन उत्सव महिलाओं और बच्चों को एक साथ जोड़ने तथा उन्हें सरकार की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेहनतकश परिवारों के बच्चों को भी बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलें, इसी उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से विभिन्न सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं का आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकरण करवाना बेहद जरूरी है, ताकि उन्हें गर्भावस्था के दौरान आवश्यक स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी समय पर मिल सके। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं को टीकाकरण, संतुलित आहार और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने कहा कि आसपास यदि कोई गर्भवती महिला या जरूरतमंद बच्चा है तो उसे आंगनबाड़ी केंद्र से जोड़कर सरकार की योजनाओं का लाभ दिलवाना चाहिए।

महापौर ने कहा कि आज बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को निखारने का भी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताओं की सराहना की।

कार्यक्रम में बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं तथा बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान महापौर रेणु बाला गुप्ता ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया तथा हस्ताक्षर अभियान के तहत अपना संदेश अंकित किया। कार्यक्रम में लगाई गई पोषण प्रदर्शनी के माध्यम से विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों, उनके पोषण संबंधी महत्व तथा संतुलित आहार के बारे में जानकारी दी गई। विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। इस मौके पर कार्यक्रम की संयोजक मंजू खैंची, सीडीपीओ संतोष, पार्षद बेबी पाल, नरेश पाल, सुपरवाइजर सुजाता मन्नू, रजनी, नेहा, कविता, प्रिया सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *