राष्ट्रीय

केरल में दुर्लभ ”रेपंजल सिंड्रोम”: 9 साल की बच्ची के पेट और आंत से निकाला गया 1 किलो बालों का गुच्छा

डेस्क: केरलम के एक निजी अस्पताल में सर्जरी के बाद नौ वर्षीय लड़की के पेट और छोटी आंत से एक किलोग्राम वजन के बालों का गुच्छा निकाला गया। अस्पताल के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ‘रेपंजल सिंड्रोम’ से पीड़ित बच्ची की यह सर्जरी पास के नेय्याट्टिनकारा स्थित एनआईएमएस मेडिसिटी में की गई।

अस्पताल की ओर से जारी बयान के अनुसार, बच्ची को लगातार पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन में आंत में गंभीर रुकावट का पता चला। इसके बाद की गई एंडोस्कोपी में पेट और छोटी आंत में बड़ी मात्रा में बाल जमा होने की पुष्टि हुई। अस्पताल के बाल शल्य चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बिजू आई. जी. नायर के नेतृत्व में जटिल सर्जरी के जरिए बालों का पूरा गुच्छा निकाल दिया गया।

डॉक्टर ने बताया कि बच्ची की हालत में सुधार हुआ और उसने सामान्य रूप से खाना शुरू कर दिया, जिसके बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉ. नायर ने बताया कि ‘ट्राइकोबेजोआर’ (पेट में बालों का गुच्छा) तब बनता है जब कोई व्यक्ति बार-बार अपने बाल निगलता है। उन्होंने कहा कि निगले गए बाल पच नहीं पाते और धीरे-धीरे पेट में जमा होकर एक कठोर गुच्छे का रूप ले लेते हैं, जिससे समय के साथ आंत में रुकावट पैदा हो सकती है। ‘रेपंजल सिंड्रोम’ एक बेहद दुर्लभ स्थिति है, जिसमें बालों का गुच्छा छोटी आंत तक फैल जाता है। अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि दुनियाभर में इसके 100 से भी कम मामले सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *