अजब-गजब

बाइक से स्टंट करते नजर आए भाजपा विधायक, वीडियो वायरल होते ही चालान कटवाने पहुंचे थाने

डेस्क : मध्य प्रदेश के कालापीपल विधानसभा से भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वे हाथ छोड़कर दोनों बाजू हवा में फैलाकर बाइक चलाते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस ने इसे यातायात नियमों का उलंघ्घन बताते हुए घेराबंदी की। हालांकि विधायक ने मामला गर्माते ही वीडियो जारी करते हुए अपनी गलती स्वीकार की और जनता से माफी मांगी। इतना ही नहीं भाजपा विधायक ने थाने पहुंचकर पुलिस से एक हजार रुपए का चालान भी कटवाया।

दरअसल, कालापीपल से जामनेर की ओर ‘जल जन सेवा यात्रा’ (सेवा संकल्प यात्रा) की बाइक रैली निकल रही थी। यह यात्रा ग्राम खरदौनकलां से होते हुए आगखेड़ी जोड़ और खोंकराकलां पहुंची, जहां ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया। इसी रैली में विधायक घनश्याम चंद्रवंशी हेलमेट पहनकर कार्यकर्ताओं के साथ बुलेट चला रहे थे। इस दौरान जोश जोश में उन्होंने बुलेट का हैंडल छोड़ दिया और दोनों हाथ हवा में फैलाकर बाइक चलाते हुए काफी दूर तक निकल गए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ।
भाजपा विधायक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस पर कांग्रेस ने जमकर निशाना साधा। इसके बाद भाजपा विधायक को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने तुंरत एक वीडियो जारी किया और खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ”जो यात्रा निकली थी, उसमें युवाओं के उत्साह और जोश के कारण मेरे से बाइक चलाते समय हैंडल छूट गया था। यह कोई स्टंट नहीं था, बस उत्साह में हो गया था। मैं क्षेत्रवासियों और युवा साथियों से इसके लिए क्षमा चाहता हूं। मैं हमेशा यातायात नियमों का पालन करता हूं और अपील करता हूं कि कोई भी युवा इस प्रकार गाड़ी न चलाए। आगे से मुझसे ऐसी गलती नहीं होगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *