राष्ट्रीय

CJP के प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ नागरिक की मौत, सीने में दर्द के बाद बिगड़ी तबीयत

डेस्क : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर मुंबई के शिवाजी पार्क में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान 75-वर्षीय एक व्यक्ति की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

शिवाजी पार्क थाने के अधिकारी ने मृतक की पहचान पड़ोसी ठाणे के दोस्ती वेस्ट काउंटी (बी विंग) निवासी गोपालकृष्ण सुब्बैया पिल्लई के रूप में की। अधिकारी ने कहा, “पिल्लई शाम करीब साढ़े चार बजे कॉजपा द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए शिवाजी पार्क पहुंचे थे। शाम पांच बजे उन्होंने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। प्रदर्शन स्थल पर मौजूद उनके दोस्तों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें एक नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।”

चिकित्सकों ने बताया कि उपचार के दौरान पिल्लई की मौत हो गई। कॉजपा का विरोध प्रदर्शन करीब चार बजे शुरू हुआ था और उस समय तेज धूप थी। पुलिस की अनुमति नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग जुटे और इस प्रतिष्ठित मैदान के आसपास का इलाका हजारों लोगों से भर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *