राष्ट्रीय

पायलट स्मित मछार की बहादुरी को सलाम, गुजरात सरकार देगी ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा सम्मान’

डेस्क: गुजरात सरकार (Government of Gujarat) गुजराती मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार को खास गुजरात गरिमा पुरस्कार से सम्मानित करेगी, जिन्होंने दुबई से इजराइल जा रही फ्लाइट पर हमले के दौरान अदम्य साहस दिखाया और 174 यात्रियों की जान बचाई. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इसकी घोषणा की. मुख्यमंत्री की पोस्ट में कहा गया है कि इज़राइल जा रही फ्लाइट के पायलट कैप्टन स्मित मछार की हिम्मत को दुनिया सलाम कर रही है. हमले में लहूलुहान होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मुश्किल हालात में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी.
दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट के कॉकपिट में एक गंभीर घटना हुई. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कैप्टन स्मित मछार पर चाकू से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी, उन्होंने हमलावर का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोला, ताकि पैसेंजर और क्रू मेंबर हमलावर को कंट्रोल करने में मदद कर सकें.

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि मूल रूप से गुजरात के रहने वाले इस पायलट ने अपनी बहादुरी से गुजरात और देश का नाम रोशन किया है. उनकी हिम्मत और इंसानियत के काम को सम्मान देने के लिए, गुजरात सरकार उन्हें ‘विशिष्ट गुजरात गरिमा अवॉर्ड’ से सम्मानित करेगी. मुख्यमंत्री ने कैप्टन स्मित मछार के जल्द ठीक होने की कामना की है और यह भी कहा है कि पूरा गुजरात उनके ठीक होने की दुआ कर रहा है.
PM मोदी समेत कई नेताओं ने की तारीफ
कैप्टन स्मित मछार की बहादुरी की भारत में भी खूब तारीफ हो रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित के परिवार से बात की है और उनकी बहादुरी की तारीफ की है. इस घटना को लेकर भारत और इजराइल के अधिकारियों और दूसरे नेताओं ने भी कैप्टन स्मित की हिम्मत की तारीफ की है. कैप्टन स्मित मछार की इस बहादुरी के बाद अब गुजरात सरकार ने उन्हें खास गुजरात गरिमा अवॉर्ड देने का ऐलान किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *