डेस्क : बेटियों से ही तो घर-घर में रौनक होती है, उनकी खिलखिलाहट से आंगन गूंजता है और मां-पापा की एक आवाज पर दौड़कर आने वाली बेटी घर की खुशियों को और भी खास बना देती है। हर बेटी अपने परिवार के लिए अनमोल होती है। इसी प्यार और बेटियों के सम्मान को समर्पित 27 सितंबर को Daughter’s Day मनाया जाता है। यह दिन उन बेटियों के नाम है, जो अपने सपनों, हौसले और मुस्कान से परिवार ही नहीं, समाज को भी रोशन करती हैं। लेकिन बेटियों की जिंदगी हमेशा इतनी आसान नहीं होती। समाज आज भी कई बार उनके लिए यह तय करने लगता है कि उन्हें कैसे रहना है, क्या पहनना है, कहां जाना है और क्या करना है। “लोग क्या कहेंगे” के डर से उनकी आजादी पर सवाल उठाए जाते हैं। ऐसे में क्लिनिक प्लस का एक कैंपेन एक बेहद जरूरी संदेश देता है—लड़कियां कमजोर नहीं होतीं। जो उन्हें कमजोर समझता है, कमजोरी उसकी सोच में है। बेटियां स्ट्रॉन्ग हैं और उन्हें अपनी जिंदगी अपने आत्मविश्वास के साथ जीने का पूरा हक है।
आगे बढ़ने पर लोग क्या कहेंगे
कैंपेन में लड़की को समाज की उन तमाम बातों के सामने खड़ा किया गया है, जो अक्सर उसकी आजादी को सीमित करने की कोशिश करती हैं। “पहले शादी कर लो, फिर पढ़ लेना”, “एक लड़की की तरह व्यवहार करो”, “इतनी आजादी ठीक नहीं” जैसी सोच को सवालों के घेरे में रखा गया है। यह संदेश सिर्फ एक लड़की के लिए नहीं, बल्कि उन तमाम बेटियों के लिए है जिन्हें बचपन से यह बताया जाता है कि उन्हें अपनी जिंदगी समाज की उम्मीदों के हिसाब से जीनी चाहिए।
कमजोर नहीं, स्ट्रॉन्ग हो तुम
कैंपेन की सबसे प्रभावशाली बात यह है कि इसमें कमजोरी को लड़की की पहचान नहीं, बल्कि उसे कमजोर समझने वाली सोच को कमजोरी बताया गया है। यानी अगर कोई लड़की को रोकता है, उसके फैसलों पर सवाल उठाता है या उसे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने से रोकना चाहता है, तो समस्या लड़की में नहीं, उस सोच में है। यही विचार कैंपेन को सिर्फ एक शैम्पू के विज्ञापन से आगे ले जाता है। बालों की मजबूती के साथ-साथ ब्रांड ने बेटियों की आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और हिम्मत को भी कहानी का हिस्सा बनाया।
कैंपेन का सबसे भावुक हिस्सा मां और बेटी के रिश्ते को सामने लाता है। मां सिर्फ बेटी की परवरिश नहीं करती, बल्कि उसे दुनिया का सामना करने का हौसला भी देती है। एक मां अपनी बेटी को यह भरोसा दे सकती है कि उसे हर कदम पर डरकर या दूसरों की मंजूरी लेकर जीने की जरूरत नहीं है। यही वजह है कि कैंपेन का संदेश “एक मां ही बनाती है बेटी को जड़ से स्ट्रॉन्ग” जैसी सोच के इर्द-गिर्द दिखाई देता है। यहां शैम्पू बालों की मजबूती का प्रतीक है, जबकि मां बेटी के आत्मविश्वास और हौसले की मजबूती का।
जब विज्ञापन सिर्फ प्रोडक्ट नहीं, सोच बेचता है
आज के समय में ब्रांड सिर्फ अपने प्रोडक्ट की खूबियां बताकर लोगों का ध्यान नहीं खींचते। ऐसे कैंपेन ज्यादा असर छोड़ते हैं, जो किसी भावना, रिश्ते या सामाजिक सोच से जुड़ते हैं। क्लिनिक प्लस का यह कैंपेन इसी इमोशनल मार्केटिंग का उदाहरण है। इसमें शैम्पू कहानी का केंद्र नहीं है, बल्कि मां-बेटी का रिश्ता और लड़की के मजबूत होने का संदेश केंद्र में है। यही भावनात्मक जुड़ाव किसी सामान्य विज्ञापन को लंबे समय तक याद रहने वाली कहानी बना सकता है।
एक अच्छा विज्ञापन प्रोडक्ट के बारे में बताता है, लेकिन एक यादगार कैंपेन लोगों की सोच को छूता है। क्लिनिक प्लस ने मां-बेटी के रिश्ते के जरिए यही संदेश देने की कोशिश की कि लड़की को कमजोर समझने वाली सोच को बदलने की जरूरत है, लड़की को नहीं।क्योंकि वह कमजोर नहीं है। वह स्ट्रॉन्ग है।


