मुजफ्फरपुर, 26 सितंबर 2026: बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी को तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में बड़ा झटका लगा है। पार्टी की ओर से उम्मीदवार घोषित किए गए भूषण झा ने टिकट वापस करते हुए निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
भूषण झा ने यह फैसला 25 सितंबर को मुजफ्फरपुर के माड़ीपुर स्थित एक होटल में हुई पार्टी की बैठक के बाद लिया। उनका आरोप है कि बैठक में जब उन्होंने अपनी बात रखनी शुरू की तो उनके साथ आए शिक्षक साथियों को बातचीत रिकॉर्ड करने से रोक दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनसे पार्टी की ओर से तय बातों को ही रखने के लिए कहा गया।
भूषण झा के मुताबिक, बैठक के बाद उन्होंने कई शिक्षक साथियों से बातचीत की। इसके बाद मिले सुझावों के आधार पर उन्होंने तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय लिया।
हालांकि, भूषण झा के इन आरोपों पर जन सुराज पार्टी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पार्टी सूत्रों के हवाले से यह भी चर्चा है कि अब तिरहुत शिक्षक सीट के लिए नए उम्मीदवार के नाम पर विचार किया जा सकता है।
एक दिन पहले ही हुआ था नाम का ऐलान
जन सुराज ने 24 सितंबर 2026 को बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची पूरी की थी। इसी सूची में भूषण झा को तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया था। इसके अलावा पटना स्नातक सीट से अनुज सिंह और तिरहुत स्नातक सीट से डॉ. विमोहन कुमार समेत अन्य सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित किए गए थे।
23 अक्टूबर को मतदान
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होना है, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने से पहले तिरहुत शिक्षक सीट पर भूषण झा का निर्दलीय मैदान में उतरना चुनावी समीकरणों के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।
आशुतोष झा


