समस्तीपुर, 26 सितंबर 2026: बिहार के समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर में युवती से कथित छेड़खानी और बदसलूकी के वायरल वीडियो मामले में प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को प्रशासन ने तीन आरोपियों से जुड़े सरकारी जमीन के कथित अतिक्रमण को बुलडोजर से हटाया।
मामला 23 सितंबर की शाम सामने आए एक वायरल वीडियो से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, वीडियो में कुछ युवक एक लड़की को घेरकर उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे थे। तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में BNS, पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रशासन की कार्रवाई के दौरान राहुल कुमार, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान से जुड़े कथित अतिक्रमण हटाए गए, जबकि मुख्य आरोपी विकास कुमार शर्मा के घर के अतिक्रमित हिस्से को लेकर नोटिस जारी किया गया है। वहीं, अवधेश पासवान की जनवितरण प्रणाली (PDS) दुकान की अनुज्ञप्ति भी रद्द कर दी गई है।
आशुतोष झा

