सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान, वाहन जांच में तेजी एवं ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश
दरभंगा, 23 सितंबर 2026 :- दरभंगा समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में माननीय सांसद डॉ.गोपाल जी ठाकुर की अध्यक्षता में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के प्रारंभ में जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा माननीय सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर को पाग, चादर एवं पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
साथ ही जिला पदाधिकारी, दरभंगा द्वारा माननीय विधायक, केवटी श्री मुरारी मोहन झा पाग,चादर एवं पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
बैठक के दौरान माननीय सांसद ने पूर्व की बैठक में लिए गए निर्णयों एवं प्रस्तावों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति और अधिक संवेदनशील एवं सक्रिय होकर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय एवं प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।
माननीय सांसद ने अंडरपास सड़क, फुट ओवरब्रिज, रिंग रोड सहित सड़क एवं यातायात से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी एनएचएआई के अभियंता से ली।
उन्होंने संबंधित अभियंता को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उन्होंने शिक्षा विभाग के माध्यम से जिले के सभी विद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को यातायात नियमों, हेलमेट, सीट बेल्ट तथा सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि सड़क सुरक्षा की संस्कृति को मजबूत किया जा सके।
माननीय सांसद ने एसएच-17 पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि हेलमेट एवं सीट बेल्ट की जांच के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर दंड अधिरोपित किया जा रहा है।
उन्होंने वाहन प्रशिक्षण केंद्र के लिए उपयुक्त स्थल का शीघ्र चिन्हांकन कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित वाहन संचालन के लिए चालकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराना आवश्यक है।
माननीय सांसद ने राष्ट्रीय उच्च पथ-27 पर अनावश्यक रूप से वाहनों की पार्किंग किए जाने से दुर्घटना की संभावना रहती है।
उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को सड़क किनारे अनधिकृत एवं अनावश्यक पार्किंग को हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने सरकारी बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जिला परिवहन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। माननीय सांसद ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद पीड़ित परिवारों को निर्धारित सरकारी सहायता समय पर उपलब्ध कराना संबंधित विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा वाहन जांच अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट एवं चारपहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया।
माननीय सांसद ने जिले के सभी राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च पथों सहित अन्य प्रमुख सड़कों पर दुर्घटना संभावित स्थलों एवं ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर वहां आवश्यक संकेतक, चेतावनी बोर्ड एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि वाहन चालकों को संभावित खतरे के प्रति समय रहते सचेत किया जा सके।
उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य उच्च पथों पर 24 घंटे एंबुलेंस की उपलब्धता एवं तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने से गंभीर परिणामों एवं दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करने में सहायता मिलेगी।
जिला पदाधिकारी श्री कौशल कुमार ने जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहन जांच अभियान में तेजी लाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया।
बैठक में सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता राजस्व रोहित कुमार,जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


