दरभंगा

बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर आयुक्त ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस

05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन कार्यक्रम की दी गई जानकारी, 29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना

 

दरभंगा, 23 सितंबर 2026:- प्रमंडलीय सभागार, दरभंगा में निर्वाची पदाधिकारी, 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र-सह-आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा की अध्यक्षता में बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

 

इस दौरान आयुक्त महोदय ने उपस्थित पत्रकारों एवं संवाददाताओं को निर्वाचन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं निर्धारित कार्यक्रम से अवगत कराया।

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए आयुक्त महोदय ने बताया कि बिहार विधान परिषद स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रेस नोट जारी किया गया है। आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारणी के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।

 

उन्होंने बताया कि निर्वाचन के लिए 29 सितंबर 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 07 अक्टूबर 2026 को की जाएगी। वहीं, अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर 2026 निर्धारित है।

 

आयुक्त महोदय ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा तथा 27 अक्टूबर 2026 को मतगणना की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से संबंधित सभी प्रक्रियाएं भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं नियमों के अनुरूप संपन्न कराई जाएंगी।

 

उन्होंने नामांकन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नाम निर्देशन पत्र सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर प्रत्येक कार्य दिवस में पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक प्राप्त किए जाएंगे।

 

उन्होंने संबंधित सभी अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन से जुड़े पक्षों से निर्धारित समय-सारणी एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की।

 

आयुक्त महोदय ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। निर्वाचन से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आयोग के निर्देशों के अनुरूप दायित्वों का निर्वहन करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

 

उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी निर्वाचन संबंधी आधिकारिक सूचनाओं को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने तथा मतदाताओं एवं निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े लोगों तक सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाने में सहयोग की अपेक्षा की।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता श्रीमती कल्पना रावत, आयुक्त के सचिव श्री सुशील कुमार मिश्रा, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री अविनाश चंद्र, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी, दरभंगा प्रमंडल, दरभंगा श्री आकाश ऐश्वर्य, सहायक योजना पदाधिकारी सुश्री प्रीति कुमारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *