राष्ट्रीय

आरएसएस का भोपाल में बड़ा कार्यक्रम, लाल परेड ग्राउंड में 30 हजार स्वयंसेवक

डेस्क: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के तहत रविवार को भोपाल में बड़ा स्वयंसेवक एकत्रीकरण हो रहा है। लाल परेड ग्राउंड में होने वाले कार्यक्रम में भोपाल विभाग के पांच जिलों से करीब 30 हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। एकत्रीकरण में संघ की नियमित शाखाओं के वृहद स्वरूप को सामने रखा जाएगा। शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की सहभागिता के साथ संघ के सामाजिक कार्यों और आगामी संकल्पों से जुड़े विषय भी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम में भोपाल विभाग के अंतर्गत आने वाले पांच जिलों के स्वयंसेवक शामिल होंगे। संघ की ओर से इसे नियमित शाखाओं के बड़े स्वरूप के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्यक्रम रविवार शाम लाल परेड ग्राउंड में होगा।

संघ के शताब्दी वर्ष का औपचारिक शुभारंभ विजयादशमी 2025 से हुआ है। वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से संघ की 100 वर्षों की यात्रा और सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्यों को सामने रखा जा रहा है। इसके तहत गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठियों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों से संपर्क और संवाद के कार्यक्रम किए गए हैं।
शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में संघ की ओर से पंच परिवर्तन को भी प्रमुखता दी जा रही है। इसमें सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वबोध और नागरिक कर्तव्य जैसे विषय शामिल हैं। संघ की ओर से इन विषयों को सामाजिक जीवन में व्यवहार का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जा रहा है।इससे पहले समाज सेवा न्यास में केंद्रीय संस्थानों के युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया है। यह कार्यक्रम प्रेस के लिए नहीं होगा। इसके बाद शाम को लाल परेड ग्राउंड में स्वयंसेवक एकत्रीकरण आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *