डेस्क: एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) में भारत (India) ने 20 सितंबर की सुबह अपने पदक अभियान की शुरुआत रजत पदक (silver medal) के साथ की। शूटिंग में महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारतीय टीम ने सिल्वर जीता। टेकबॉल में भी भारत ने पदक के लिए जोरदार चुनौती पेश की, लेकिन महिला एकल और मिश्रित युगल दोनों स्पर्धाओं में चौथे स्थान पर रहा। इसके अलावा सुचिका ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में एक और पदक पक्का कर लिया है। वह सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उनकी नजर स्वर्ण जीतने पर होगी।
भारत ने जीता पहला पदक
आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत ने अपने पदक अभियान की शुरुआत कर दी है। भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद की तिकड़ी ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई। इस पदक के साथ शूटिंग ने एशियन गेम्स में भारत का खाता खोल दिया। भारत ने 1898.0 अंक हासिल किए। चीन ने 1904.2 अंक के साथ स्वर्ण पर कब्जा जमाया। वहीं, जापान ने 1897.1 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।
हॉकी में भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया
भारत ने महिला हॉकी में पूल मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हरा दिया। लालरेमसियामी ने छठे मिनट में, दीपिका ने आठवें, 22वें, 26वें, 33वे, 37वें, 38वें और 41वें और 54वें मिनट में, ईशिका ने 12वें, 42वें और 54वें मिनट में, बलजीत कौर ने 13वें मिनट में, नेहा ने 18वें और 29वें मिनट में, लालथानलुआंगी ने 43वें और 51वें मिनट में, साक्षी राणा ने 44वें मिनट में, नवनीत कौर ने 45वें मिनट में और रुतुजा पिसल ने 23वें मिनट में गोल दागे। दीपिका ने अकेले इस मैच में आठ गोल दागे जो वर्ल्ड रिकॉर्ड है। किसी एक मैच में यह सबसे ज्यादा इंडिविजुअल गोल है।


