नई दिल्ली

नशे का दानव गांवों, शहरों में फैला रहा अपना दायरा: CM रेखा गुप्ता

डेस्क: दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने पंजाब में ‘नशे के संकट’ को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर शनिवार को निशाना साधा और दावा किया कि ‘नशे का दानव’ गांवों और शहरों में अपना विस्तार कर रहा है। उन्होंने भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर हालात को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। दिल्ली की मुख्यमंत्री पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्यव्यापी नशा विरोधी चार यात्राओं में से दूसरी यात्रा को फतेहगढ़ साहिब से रवाना करने के लिए पहुंची हैं।

इससे पहले, उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह के छोटे साहिबजादों की शहादत से जुड़े गुरुद्वारा ज्योति स्वरूप साहिब में मत्था टेका। गुप्ता ने आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर भी जोरदार हमला करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने पहले अलग-अलग विभागों में ”हजारों करोड़ रुपये के घोटाले” किए। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने दिल्ली के पैसे से पंजाब पर कब्जा किया और पंजाब के संसाधनों का इस्तेमाल अपनी राष्ट्रीय राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के लिए किया। गुप्ता ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने उन परिवारों से मुलाकात की और माताओं से बात की, जिनके बच्चों को नशे की लत में धकेल दिया गया है। उन्होंने कहा, ”इससे परिवार तबाह हो जाते हैं और समाज में उनका सम्मान भी खत्म हो जाता है।
यह पीड़ा बहुत बड़ी होती है कि अपने बच्चों को कैसे बचाया जाए और उन युवाओं को नशे की जकड़ से कैसे मुक्त कराया जाए, जो इसकी चपेट में आ गए हैं।” उन्होंने मान के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ”आज नशे का यह दानव गांव-गांव और शहर-शहर फैल रहा है। जब 2022 में इस सरकार ने सत्ता संभाली थी, तब उसने वादा किया था कि तीन-चार महीने के भीतर नशे को खत्म कर दिया जाएगा। क्या उसने अपना वादा पूरा किया? यह सरकार लगातार झूठे वादे करती है और धोखा दे रही है।”
केजरीवाल को ”पाखंडी और धोखेबाज” बताते हुए गुप्ता ने कहा कि वह विशेष रूप से आप नेता की सच्चाई उजागर करने के लिए पंजाब आई हैं। गुप्ता ने कहा, ”जब हमने उन्हें दिल्ली के ‘शीश महल’ से बाहर कर दिया, तो वह पंजाब चले गए और वहां ‘शीश महल 2’ बनाकर रहने लगे। वह यहां निजी विमान से घूमते हैं। वह नौकरों और सहायकों के साथ शाही ठाठ-बाट में रहते हैं। जरा सोचिए, उन्हें किस अधिकार से पंजाब के संसाधनों और संपत्ति का इस्तेमाल करने दिया जा रहा है? क्या आपके कर के पैसे का दुरुपयोग नहीं हो रहा है?”
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में कथित साजिशों और भ्रष्टाचार में शामिल पूरी आप टीम पिछले पांच वर्षों में अब पंजाब में आकर बस गई है। आप पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि मान के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में पंजाब की स्थिति बद से बदतर हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *