नई दिल्ली

दिल्ली के भारत नगर में छात्र संघ चुनाव प्रचार के दौरान गोलीबारी और मारपीट, दो छात्र घायल

डेस्क: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के भारत नगर इलाके में छात्र संघ चुनाव के प्रचार के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प में सत्यवती कॉलेज के दो छात्र घायल हो गए और दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने घायल छात्रों की पहचान अंश (19) और भविष्य चौधरी (19) के रूप में की है जिन्हें दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों युवक मंगलवार को छात्र संघ चुनाव को लेकर प्रचार कर रहे थे तभी दोनों के बीच विवाद हो गया। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी और मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस ने इस घटना को ”कॉलेज छात्रों के बीच का झगड़ा” बताते हुए कहा कि चिकित्सीय जांच रिपोर्ट तथा प्रारंभिक पूछताछ के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘मंगलवार को भारत नगर के वजीरपुर गांव के पास सत्यवती कॉलेज के दो छात्र अंश (19) और भविष्य चौधरी (19) के बीच झगड़ा हुआ।’ अधिकारी ने बताया कि अपराध टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को मौके पर दो क्षतिग्रस्त वाहन भी मिले। जांच के सिलसिले में घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पुलिस विवाद की वजह पता लगाने की कोशिश कर रही है और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए इलाके के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि मामले में जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *