हरियाणा

युवक की नृशंस हत्या का CCTV फुटेज आया सामने, केबिन का दरवाजा तोड़कर उतारा मौत के घाट…28 पर केस दर्ज

डेस्क: हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र स्थित खारा बरवाला गांव के एक पेट्रोल पंप पर 13 सितंबर की रात हुई 19 वर्षीय रजनीश की खौफनाक हत्या का CCTV वीडियो सामने आया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि हमलावरों से बचने के लिए रजनीश पंवार फिलिंग स्टेशन के केबिन में छिपकर दरवाजा बंद कर लेता है, लेकिन हमलावर दरवाजा तोड़कर उसे घसीटते हुए बाहर लाते हैं और तेजधार हथियारों से वार कर उसकी हत्या कर देते हैं।

CCTV में कैद हुआ वारदात का हर एक पल
वायरल वीडियो के अनुसार, जान बचाने के लिए केबिन में बंद रजनीश खुद का बचाव करने के लिए अंदर से तेजधार हथियार से हमलावरों पर वार करने की कोशिश करता है। हालांकि, संख्या में ज्यादा आरोपी गेट को बलपूर्वक तोड़कर अंदर दाखिल हो जाते हैं। इसके बाद वे रजनीश की गर्दन दबोचकर उसे पीटते हुए केबिन से बाहर खींच लाते हैं और सड़क पर ही उस पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतारकर फरार हो जाते हैं।

दूध लेकर लौटते समय घेराबंदी कर किया हमला
मृतक के भाई गौतम की शिकायत के अनुसार, वारदात वाले दिन रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच वह और रजनीश मोटरसाइकिल से दूध लेकर गांव आदमपुर लौट रहे थे। बाइक में हवा कम होने के कारण वे ‘पंवार फिलिंग स्टेशन’ पर रुके थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही जयराम, अक्षय जाजूदा और उनके अन्य साथियों ने लाठी-डंडों व तेजधार हथियारों से उन पर अचानक हमला बोल दिया।
28 लोगों पर दर्ज हुई FIR, 5 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, मृतक रजनीश का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ पहले भी 6 मामले दर्ज थे। आदमपुर थाना पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर 13 नामजद (जयराम, अक्षय, सुमित, रोडू, नैना, शेखर, बब्बर, रुपेश, गजराज, सुनील, जैलदार, अनिल और अजय) तथा 15 अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी जयराम और अक्षय समेत संदीप, समीर और उमेश कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *