राष्ट्रीय

राजस्थान नगर निकाय चुनाव: वोटिंग के बाद मां की मौत, एक वोट से जीत गया बेटा

डेस्क: राजस्थान नगर निकाय चुनाव में एक निर्दलीय प्रत्याशी ने मात्र एक वोट से चुनाव जीत लिया। नदबई नगर निकाय चुनाव के वार्ड नंबर छह में निर्दलीय उम्मीदवार जगदीश प्रसाद को 151 वोट मिले और उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार रामशरण को हरा दिया, जिन्हें 150 वोट मिले थे। दोनों उम्मीदवारों के बीच सिर्फ एक वोट का फर्क था, लेकिन इस नतीजे में सबसे बड़ी और दिल छू लेने वाली बात ये है कि जगदीश प्रसाद की मां ने वोट दिया और उसके बाद उनकी मौत हो गई। अब लोग कह रहे हैं कि मां के वोट ने बेटे को जिता दिया। जगदीश प्रसाद चुनाव तो जीत गए हैं, लेकिन उनका पूरा परिवार अभी गम में डूबा है।
चुनाव में वोटों की गिनती के बाद कड़े मुकाबले में एक वोट से जीत का पता चलते ही लोग जगदीश प्रसाद के घर पहुंचने लगे उनकी मां के वोट को लेकर चर्चा करने लगे। लोगों का कहना था कि उनकी मां का वोट ऐसे समय में महत्वपूर्ण हो गया था, जब चुनाव का नतीजा आखिर में सिर्फ एक वोट के अंतर से तय हुआ और जगदीश को जीत मिली।

नदबई नगर निकाय चुनाव के वार्ड नंबर छह में सुबह से वोटों की गिनती चल रही थी और भाजपा प्रत्याशी जीत की ओर अग्रसर थे। अंतिम राउंड में जब गिनती हो रही थी तो सबके दिल में धुकधुकी सी लगी थी क्योंकि भाजपा प्रत्याशी और एक निर्दलीय प्रत्याशी के बीच कांटे की टक्कर चल रही थी और एक एक वोट निर्णायक हो सकता था। अंत समय में पता चला कि निर्दलीय जगदीश प्रसाद को 151 वोट मिले, जबकि भाजपा के रामशरण को 150 वोट मिले। ऐसे में जगदीश प्रसाद की मां का डाला गया वोट अहम हो गया और बेटे को जीत मिली
जगदीश प्रसाद की मां ने वोट डाला था और वोट डालने के अगले ही दिन उनका निधन हो गया था। इसलिए पूरा परिवार गम में डूबा था और जगदीश को मिली जीत की खुशी किसी के चेहरे पर नहीं दिख रही थी। बता दें कि नगर निकाय चुनावों में जहां कई उम्मीदवारों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की , वहीं वार्ड नंबर 6 का नतीजा बेहद करीबी मुकाबले के कारण चर्चा का विषय रहा। निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर बीजेपी उम्मीदवार को हराने के कारण जगदीश प्रसाद के बारे में लोग काफी चर्चा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *