डेस्क: बिहार में गंगा समेत प्रमुख नदियों का जलस्तर शनिवार को कई स्थानों पर घट रहा है, लेकिन जलस्तर में अचानक गिरावट के कारण नदी तटों पर तेज कटाव की आशंका को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग के निर्देश दिए हैं।
जल संसाधन विभाग के बाढ़ प्रबंधन सुधार सहायता केंद्र, पटना से 12 सितंबर को सुबह छह बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, गंगा बक्सर में 59.81 मीटर पर है, जो चेतावनी स्तर 59.32 मीटर से 0.49 मीटर ऊपर है, हालांकि यहां जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है और स्थिर बना हुआ है। दानापुर के निकट मनेर में गंगा 52.78 मीटर पर है, जो खतरे के निशान 52 मीटर से 0.78 मीटर ऊपर है। दीघा घाट में जलस्तर 50.93 मीटर है और यह खतरे के निशान 50.45 मीटर से 0.48 मीटर ऊपर है। पटना के गांधी घाट पर गंगा का जलस्तर 49.77 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 48.60 मीटर से 1.17 मीटर ऊपर है।
हालांकि यहां पिछले 24 घंटे में 0.06 मीटर की गिरावट दर्ज की गई है। हथीदह में गंगा 42.96 मीटर पर है, जो खतरे के निशान से 1.20 मीटर ऊपर है। सुल्तानगंज में जलस्तर 36.48 मीटर और भागलपुर में 34.42 मीटर दर्ज किया गया, जो क्रमश: खतरे के निशान से 1.98 मीटर और 0.74 मीटर ऊपर है। कहलगांव में गंगा 32.72 मीटर, अजगैबीनाथ में 31.86 मीटर और साहेबगंज में 28.71 मीटर पर है तथा ये सभी संबंधित खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

