बिहार

80 के दशक के एआई फोटो ट्रेंड में शामिल हुए तेज प्रताप यादव, माता-पिता की तस्वीर शेयर कर लिखा भावुक संदेश

डेस्क:पटना । इन दिनों सोशल मीडिया पर 80 के दशक के लुक वाली एआई तस्वीरें बनाने का ट्रेंड तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। नेता, अभिनेता, सेलिब्रिटी और आम लोग अपनी तस्वीरों को एआई की मदद से 1980 के दशक के अंदाज में तैयार कर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। इसी ट्रेंड में अब राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी शामिल हो गए हैं। तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने माता-पिता लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की 80 के दशक के लुक में तैयार की गई एआई तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने अपने माता-पिता के लिए एक भावुक संदेश भी लिखा। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “सुनहरी यादों के साथ… मम्मी-पापा की मुस्कान ही मेरे जीवन की सबसे अनमोल दौलत है। यह तस्वीर सिर्फ एक याद नहीं, बल्कि मेरे जीवन के उन खूबसूरत पलों की निशानी है, जिन्हें मैं हमेशा अपने दिल में संजोकर रखना चाहता हूं।”
तेज प्रताप ने आगे लिखा, “ईश्वर से मेरी बस यही प्रार्थना है कि मेरे माता-पिता हमेशा ऐसे ही साथ रहें, मुस्कुराते रहें और खुश रहें। भगवान उन्हें उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और दीर्घायु प्रदान करें। उनका आशीर्वाद और स्नेह हमेशा हमारे परिवार पर बना रहे।”
उन्होंने अपने संदेश का समापन इन शब्दों के साथ किया, “मां-पापा खुश रहें, स्वस्थ रहें और उनकी प्यारी-सी मुस्कान हमेशा यूं ही बनी रहे, यही मेरी सबसे बड़ी प्रार्थना है।”
सोशल मीडिया पर तेज प्रताप यादव की यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। कई यूजर्स ने एआई से तैयार इस तस्वीर की तारीफ करते हुए इसे भावनात्मक और परिवार के प्रति सम्मान जताने वाली पोस्ट बताया, जबकि कई लोगों ने 80 के दशक के एआई फोटो ट्रेंड पर भी अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।
आपको बता दें कि इस ट्रेंड में कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए हैं। उन्होंने भी अपनी 80 के दशक की लुक को शेयर किया है। साथ ही, लोग धड़ल्ले से इस ट्रेंड को फॉलो कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *