डेस्क: 12 और 13 सितंबर को दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। दुनिया भर के बड़े नेताओं और विदेशी प्रतिनिधियों की आवाजाही को देखते हुए पूरी राजधानी में सुरक्षा बेहद सख्त कर दी गई है। 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली के कई हिस्सों में ट्रैफिक बदला रहेगा और कुछ सार्वजनिक सेवाओं पर असर पड़ेगा।
अगर आप इन दिनों बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो जानिए क्या खुला रहेगा और क्या बंद:
स्कूल और सरकारी दफ्तर बंद
दिल्ली शिक्षा निदेशालय के तहत आने वाले सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त गैर-सहायता प्राप्त निजी स्कूल शुक्रवार, 11 सितंबर को बंद रहेंगे। दिल्ली के उपराज्यपाल ने भी समिट को देखते हुए दिल्ली में 11 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। दिल्ली सरकार के दफ्तर, स्वायत्त निकाय और दिल्ली सरकार के तहत आने वाले सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भी उस दिन बंद रहेंगे। वीकेंड के बाद सोमवार को स्कूलों के फिर से खुलने की उम्मीद है।
बैंक और निजी दफ्तर खुले रहेंगे
दिल्ली में बैंक 11 सितंबर को खुले रहेंगे। निजी दफ्तर भी काम करते रहेंगे। हालांकि, सेंट्रल दिल्ली और VVIP मूवमेंट से प्रभावित अन्य इलाकों से गुजरने वाले कर्मचारियों को रास्ते बदलने, पाबंदियों और देरी का सामना करना पड़ सकता है। कंपनियों को सलाह दी गई है कि वे जहां संभव हो, कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दें।
मेट्रो सेवा जारी रहेगी
पूरे दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो सेवाएं अपने तय समय पर चलती रहेंगी। सफर के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करना सबसे बेहतर विकल्प रहेगा। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन के पास स्थित दिल्ली मेट्रो संग्रहालय (Metro Museum) 11 से 13 सितंबर तक आम जनता के लिए बंद रहेगा।
4,800 ट्रैफिक पुलिस तैनात
VVIP काफिले और विदेशी मेहमानों की सुरक्षा के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बड़े पैमाने पर तैयारी की है। काफिलों की रिहर्सल और आवाजाही के दौरान 22 मुख्य जगहों से ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर मोड़ा जाएगा।
35+ मुख्य सड़कों पर पड़ेगा असर
मथुरा रोड, सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, नीति मार्ग और एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर अलग-अलग समय पर ट्रैफिक रोका जा सकता है।
बस और कैब सेवाएं
दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों के रूट बदले जा सकते हैं। ऑनलाइन कैब सेवाएं चलती रहेंगी, लेकिन यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की लेटेस्ट एडवाइजरी जरूर चेक कर लें।

