डेस्क : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने के लिए सेवा संकल्प अभियान’चलाने की घोषणा की है। पंचकूला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जाएगा। सात अक्टूबर को प्रधानमंत्री के शासन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से शुरू होने वाला यह अभियान सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समर्पित होगा। इस दौरान प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नुक्कड़ नाटकों और अन्य माध्यमों से सरकार की उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। सैनी ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल को सेवा सुशासन और राष्ट्र निर्माण का प्रेरणादायी अध्याय बताते हुए कहा कि 25 वर्षों की यह यात्रा भारत के बढ़ते आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत की गिनती‘फ्रेजाइल फाइव’अर्थव्यवस्थाओं में होती थी, जबकि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रधानमंत्री की कर्मभूमि रहा है और उनका प्रदेश से विशेष लगाव है। पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हरियाणा को सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्राप्त हुई है। प्रधानमंत्री अपने कार्यकाल में 18 बार हरियाणा का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन रेल परियोजना से लेकर बुनियादी ढांचे के विकास बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और लाडली सखी’जैसी योजनाओं से प्रदेश के नागरिकों को लाभ मिला है।

