डेस्क: मध्य प्रदेश में कटनी के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां एक स्कूल की चलती वैन का दरवाजा अचानक खुलने से 10 वर्षीय मासूम छात्र सड़क पर गिर गया. गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में इलाज के दौरान दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान 10 वर्षीय जीत के रूप में की गई है. घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व मातम पसर गया है.
जानकारी के अनुसार, टीकर निवासी दिनेश यादव का 10 वर्षीय पुत्र जीत यादव द्वारिका स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र था. वो रोजाना की तरह पढ़ाई पूरी करके स्कूल की तूफान वैन में सवार होकर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में अचानक वैन का दरवाजा खुल गया. इससे जीत अनियंत्रित होकर चलती गाड़ी से सीधे सड़क पर जा गिरा. हादसे में मासूम लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया.
इसके बाद जीत को तुरंत ही अस्पताल लेकर जाया गया, जहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई. ये खबर सुनते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. इसके बाद इस हादसे की सूचना विजयराघवगढ़ थाना पुलिस को दी गई. जानकारी मिलते ही विजयराघवगढ़ थाना पुलिस पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है.
मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालक की लापरवाही, वाहन की फिटनेस और स्कूल प्रबंधन की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है. जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक धाराओं में कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं इस हादसे के बाद लोग आक्रोशित हो गए हैं और सड़क पर चक्काजाम कर दिया है. पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है. पुलिस ने इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.

