डेस्क:लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने भारतीय जनता पार्टी पर संविधान और धार्मिक स्वतंत्रता के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान का पूरी तरह पालन करेगी और संवैधानिक प्रक्रिया का सम्मान करेगी। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि भाजपा देश को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है। मंदिर और मस्जिद तोड़े जाने के मामलों का रिकॉर्ड भाजपा के नाम रहा है। सपा प्रवक्ता ने धार्मिक आस्था से जुड़े मुद्दों पर भाजपा की सरकार की नीतियों को गंभीर मामला बताते हुए कहा कि संविधान ने देश के सभी नागरिकों को धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार दिया है लेकिन भाजपा सरकार इस स्वतंत्रता को सीमित करना चाहती है।
वहीं, यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर के हालिया ट्वीट्स को लेकर भी फखरुल हसन चांद ने निशाना साधा। उन्होंने राजभर पर भाजपा की भाषा और विचारों को दोहराने का आरोप लगाया। सपा प्रवक्ता ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि राजभर अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और भाजपा का समर्थन करने में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि जो लोग भाजपा की तारीफ करते हैं, समाजवादी पार्टी ऐसे लोगों पर टिप्पणी नहीं करना चाहती क्योंकि जनता उन्हें गंभीरता से नहीं लेती। फखरुल हसन चांद के इन बयानों से प्रदेश की सियासत में एक बार फिर भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग तेज होने के संकेत हैं।
बता दें कि सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भोजपुरी में ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जी आखिर आप क्या कर रहे हैं? क्या आपने कसम खा ली है कि आप कभी सुधरेंगे नहीं? आपका ‘पीट देगा अशफाक’ हर दिन नई-नई मनमानियां कर रहा है और आप चादर तानकर चैन की नींद सो रहे हैं।

