डेस्क: उमरिया जिले के मानपुर विकासखंड अंतर्गत इन्दवार थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर स्थित माध्यमिक स्कूल में छात्राओं के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी शिक्षा विभाग तक पहुंचते ही विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित सहायक शिक्षक को निलंबित कर दिया।
वहीं इस मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ FIR दर्ज करते हुए जांच भी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर माध्यमिक स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक कोमल चंद गुप्ता पर स्कूल में अध्ययनरत छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने के आरोप लगे हैं। मामला सामने आने के बाद स्कूल और शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बिना देरी किए आरोपी शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए FIR के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
शिक्षा विभाग से मिलने के बाद इदवार थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। SDPO उमरिया पीएल परस्ते ने बताया कि आरोपी शिक्षक के खिलाफ POCSO एक्ट और एससी-एसटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शिक्षक की तलाश की जा रही है। हालांकि मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी शिक्षक अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
अभिभावकों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
घटना के सामने आने के बाद छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों, छात्राओं के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

