डेस्क: अगस्त खत्म होने के साथ सितंबर (September Month) की शुरुआत में कई अहम बदलाव होने जा रहे हैं। इनका सीधा असर घर के बजट (Budget), रसोई गैस (LPG), हवाई यात्रा (Air travel) और कार (Cars) खरीदने वालों की जेब पर पड़ सकता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 1 सितंबर को LPG और ATF की नई कीमतें जारी करेंगी, वहीं CNG-PNG के दाम में भी बदलाव संभव है। इसके अलावा Tata Motors अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने जा रही है। विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन प्रक्रिया से जुड़ा बदलाव प्रस्तावित है।
1. LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां LPG सिलेंडर की नई कीमतें जारी करती हैं। ऐसे में 1 सितंबर को भी घरेलू और कमर्शियल LPG की कीमतों में बदलाव हो सकता है, जिसका सीधा असर रसोई के बजट पर पड़ेगा। अगस्त की शुरुआत में कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 202 रुपये की कटौती की थी। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया था। अब सितंबर में नई कीमतों का ऐलान होगा।
2. LPG e-KYC के लिए 31 अगस्त तक का मौका
घरेलू LPG सिलेंडर की सुविधा जारी रखने के लिए उपभोक्ताओं को e-KYC पूरा करना जरूरी है। IOCL, BPCL और HPCL ने LPG e-KYC की समयसीमा बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है। इससे पहले इसकी अंतिम तारीख 23 अगस्त थी। अगर उपभोक्ता तय समयसीमा में e-KYC पूरी नहीं करते हैं, तो 1 सितंबर से LPG सिलेंडर मिलने में परेशानी हो सकती है या महंगी दर पर सिलेंडर खरीदना पड़ सकता है।
3. ATF के साथ CNG-PNG के दाम भी बदल सकते हैं
महीने की पहली तारीख को LPG के अलावा ऑयल मार्केटिंग कंपनियां एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमतों में भी संशोधन करती हैं। सितंबर में भी ATF के नए रेट जारी होने की संभावना है। इसका असर हवाई यात्रा की लागत पर पड़ सकता है। इसके अलावा अलग-अलग शहरों में CNG और PNG की कीमतों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
4. Tata की कारें और SUV होंगी महंगी
कार खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों को सितंबर में झटका लग सकता है। Tata Motors Passenger Vehicles Limited 1 सितंबर 2026 से अपनी कारों और SUV की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी करने वाली है।
कंपनी के मुताबिक यह बढ़ोतरी ICE और इलेक्ट्रिक दोनों तरह के वाहनों पर लागू होगी। हालांकि, कीमत में वास्तविक वृद्धि मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगी। Tata Motors के अलावा Hyundai Motor India ने भी इस साल कारों की कीमतों में तीसरी बढ़ोतरी का ऐलान किया है।
5. विदेश जाने वालों के लिए एयरपोर्ट पर बदलेगा तरीका
विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी सितंबर से अहम बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों को इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैम्प लगवाने की जरूरत नहीं होगी।
यात्री अपने मोबाइल में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इससे एयरपोर्ट पर यात्रियों को प्रक्रिया पूरी करने में राहत मिलने की उम्मीद है।

