राष्ट्रीय

TV अभिनेत्रियों को बनाया निशाना… ठाणे में देह व्यापार गिरोह का खुलासा

डेस्क: महाराष्ट्र पुलिस ने ठाणे के एक होटल में दबिश देकर एक टीवी अभिनेत्री को देह व्यापार गिरोह के चंगुल से बचाया है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह की सरगना महिला को गिरफ्तार किया है. रविवार को महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारियों ने इस गिरोह का खुलासा किया. पुलिस ने दावा किया कि इस गिरोह के लोग टीवी सीरियलों में काम करने वाली अभिनेत्रियों को अपने चंगुल में फंसाकर देह व्यापार के धंधे में उतार देते थे.
पुलिस ने फिलहाल इस गिरोह की सरगना समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस पकड़ी गई महिला से पूछताछ कर रही है. अब पता करने की कोशिश हो रही है कि इस गिरोह में कुल कितने बदमाश शामिल हैं. इसके अलावा पुलिस यह भी पता करने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने कितनी अन्य महिलाओं को अपना शिकार बनाया और आज उनकी क्या स्थिति है.

पुलिस के मुताबिक एक एनजीओ से सूचना मिली थी कि गिरोह के बदमाशों ने एक 35 वर्षीय टीवी एक्ट्रेस को देह व्यापार के लिए मजबूर किया है. इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया और मीरा-भायंदर रोड स्थित एक होटल में घेराबंदी की. इस दौरान पुलिस ने मौके से टीवी एक्ट्रेस को रेस्क्यू करते हुए उसे देह व्यापार के लिए मजबूर करने वाली महिला को भी धर दबोचा है. अब पुलिस उसके पुरुष सहयोगी की तलाश कर रही है. महिला की पहचान छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले की रहने वाली महिला तबस्सुम उर्फ सोनिया उमर कुरैशी (39) के रूप में हुई है.
पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई महिला फिलहाल मुंबई के जोगेश्वरी में रह रही थी और यहीं से अपने पुरुष सहयोगी के साथ मिलकर धंधे को ऑपरेट कर रही थी. वह मनोरंजन जगत से जुड़ी उन महिलाओं की तलाश करते थे, जो संघर्ष कर रहे होते हैं. फिर उन्हें टीवी धारावाहिकों, वेब सीरीज और फोटो शूट में काम दिलाने का झांसा देकर अपने चंगुल में फंसाते थे और फिर उन्हें देह व्यापार में धकेल देते थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *