दरभंगा / बेनीपुर , निशांत झा : स्थानीय विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी को बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ जनतांत्रिक गठबंधन का सचेतक बनाए जाने पर बेनीपुर जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से कर्पूरी सभा भवन में आभार-सह-सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष कीर्ति मोहन झा ने की, जबकि संचालन प्रेम कुमार झा ने किया।
समारोह में एनडीए कार्यकर्ताओं ने विधायक सह सचेतक प्रो. चौधरी को माला, पाग और चादर से सम्मानित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया।
सम्मान से अभिभूत विधायक प्रो. चौधरी ने कहा कि जनता का यह सम्मान ही उनकी सबसे बड़ी संबल है। उन्होंने कहा कि विधायक चुने जाने के बाद पार्टी और सरकार की ओर से उन्हें विधानसभा में जिम्मेदारी दी गई है। जनता सर्वोपरि है और उसकी सेवा उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “जब तक आपका प्रतिनिधि हूं, बेनीपुर की जनता का सर कभी झुकने नहीं दूंगा। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी क्षमता से काम करता रहूंगा।”
शिक्षा, सिंचाई और स्वास्थ्य को बताया प्राथमिकता
विधायक ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए शिक्षा को समाज की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि करीब छह दशक बाद विलट महथा आदर्श महाविद्यालय, बहेड़ी में साइंस और कॉमर्स की स्नातक स्तर तक पढ़ाई के साथ स्नातकोत्तर स्तर की पढ़ाई की व्यवस्था सुनिश्चित हुई है। योग्य शिक्षकों के पदों की स्वीकृति भी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल की अंतिम कैबिनेट बैठक में दी गई।
उन्होंने किसानों से जुड़े कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेत-खलिहान तक बिजली पहुंचाने के साथ लंबे समय से लंबित कोसी नहर परियोजना का विस्तार किया गया है। इससे विधानसभा क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं, करीब तीन दशक से ध्वस्त धेरुख स्थित पुरानी कमला नदी के वियर के पुनर्निर्माण से किसानों में नई उम्मीद जगी है।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि अनुमंडल अस्पताल में 28 विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बहेड़ा और बहेड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को उत्क्रमित कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बदला गया है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल और पुलिया का निर्माण भी क्षेत्र के विकास की निरंतर प्रक्रिया का हिस्सा है।
कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख चौधरी मुकुंद राय, प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष सह भाजपा मंडल अध्यक्ष रजनीश सुंदरम, लोजपा प्रखंड अध्यक्ष शमसुल होदा, हम प्रखंड अध्यक्ष लक्ष्मी सदा, युवा जदयू जिलाध्यक्ष राम शंकर सिंह समेत एनडीए के कई नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। समारोह के अंत में विधायक ने आयोजकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया।

