राष्ट्रीय

MP: चंदेरी के बांकलपुर गांव में मंदिर में तोड़फोड़…. शिवलिंग-नंदी और हनुमान जी की प्रतिमा तोड़ी

डेस्क: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के अशोकनगर जिले (Ashoknagar district) के चंदेरी (Chanderi) क्षेत्र में मंदिर में तोड़फोड़ (Vandalism Temple) का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। चंदेरी के बांकलपुर गांव में एक युवक पर मंदिर परिसर में घुसकर शिवलिंग और नंदी की प्रतिमा को खंडित करने का आरोप है। आरोपी ने हनुमान प्रतिमा पर भी पत्थर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।
ज्योग्राफिकमैप्स और जीपीएस गाइड एक्सप्लोर करना
ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के दौरान मंदिर में मौजूद अन्य प्रतिमाओं को भी नुकसान पहुंचाया गया। आरोप है कि कुछ प्रतिमाओं को मंदिर परिसर से निकालकर खेत में फेंक दिया गया। मंदिर के पुजारी के साथ भी अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी ने पुजारी के हाथ से रामायण छीन ली और उसे फाड़ दिया। इसके बाद पुजारी के साथ मारपीट भी की गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर परिसर में पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद चंदेरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। मामले में पुलिस ने शैलेंद्र सिंह बुंदेला उर्फ सोनू राजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि युवक शराब के नशे में मंदिर पहुंचा था और नशे की हालत में उसने मंदिर में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान मंदिर में हुई क्षति, पुजारी के साथ मारपीट और अन्य प्रतिमाओं को खेत में फेंके जाने के आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *