राष्ट्रीय

इमरान के इलाज लिए गावस्कर, कपिल देव, वेंगसरकर सहित दुनिया के 21 पूर्व कप्तानों ने शरीफ सरकार को लिखा पत्र

डेस्क: पाकिस्तान (Pakistan) की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान (Imran Khan) के उचित इलाज (treatment) और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर दुनिया के 21 पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कप्तानों (Twenty-one former captains ) ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अपील की है। इस अपील में भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर, कपिल देव और दिलीप वेंगसरकर भी शामिल हैं। यह पहल ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ग्रेग चैपल की ओर से की गई है। इमरान खान के मानवीय व्यवहार और उचित चिकित्सा सुविधा की मांग को लेकर पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों की ओर से यह दूसरा पत्र है।

दाहिनी आंख की रोशनी जाने की खबर पर जताई चिंता
पूर्व कप्तानों ने पाकिस्तान सरकार से अपील की है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड को इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति का स्वतंत्र आकलन पूरा करने दिया जाए। इस बोर्ड में इमरान खान के निजी डॉक्टरों को भी शामिल किया गया है। पत्र में खास तौर पर इमरान खान की दाहिनी आंख की रोशनी कम होने की खबर पर चिंता जताई गई है। पूर्व कप्तानों ने कहा कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति की पूरी और स्वतंत्र जांच जरूरी है।

परिवार से साप्ताहिक मुलाकात की भी मांग
पत्र में सुप्रीम कोर्ट की ओर से बहाल की गई साप्ताहिक पारिवारिक मुलाकातों को बिना किसी रुकावट के जारी रखने की मांग भी की गई है। इसके साथ ही मेडिकल जांच में जिस भी उपचार की सिफारिश की जाए, उसे बिना देरी के उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
पूर्व कप्तानों ने स्पष्ट किया कि वे पाकिस्तान की घरेलू कानूनी प्रक्रिया में हस्तक्षेप नहीं करना चाहते। उनका कहना है कि अदालत के आदेश के तहत होने वाली चिकित्सा प्रक्रिया को पूरा कराना मानवीय गरिमा और बुनियादी शिष्टाचार का मामला है।
इन पूर्व कप्तानों ने किया हस्ताक्षर
इस पत्र पर सुनील गावस्कर, कपिल देव, दिलीप वेंगसरकर के अलावा एलन बॉर्डर, माइकल एथर्टन, माइकल ब्रियरली, इयान चैपल, ग्रेग चैपल, बेलिंडा क्लार्क, एलिस्टर कुक, एडम गिलक्रिस्ट, डेविड गोवर, किम ह्यूज, नासिर हुसैन, क्लाइव लॉयड, अर्जुना रणतुंगा, एंड्रयू स्ट्रॉस, स्टीफन वॉ और जॉन राइट समेत 21 पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं। इमरान खान पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री होने के साथ 1992 में देश को पहली बार क्रिकेट विश्व कप जिताने वाली टीम के कप्तान भी रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *